निकुम पुरानी बस्ती में पांच दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ,

दुर्ग : ग्राम निकुम पुरानी बस्ती में वतन क्रिकेट क्लब एवं क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जनपद सभापति  एवं दुर्ग ग्रामीण युवा नेता  विक्की मिश्रा ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व जनपद सभापति विक्की मिश्रा ने कहा कि आज के समय में अधिकांश बच्चे और युवा मोबाइल फोन में घंटों समय बिताकर अपना कीमती समय बर्बाद कर रहे हैं। इससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर खेलों की ओर रुचि बढ़ानी चाहिए। खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं और युवाओं को नशे व अन्य बुरी आदतों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन से ही खिलाड़ियों में जीत का जज्बा और खेल भावना देखने को मिली। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों से नियमों का पालन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 3001 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2001 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1001 रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 501 रुपये रखा गया है। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट ऑलराउंडर एवं बेस्ट दर्शक को भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।
आयोजन समिति ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 15 वर्ष तक के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है तथा आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबलों के साथ बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.