जामुल में कल होगा विकास कार्यों का महाउत्सव, नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के जन्मदिवस पर होंगे भूमिपूजन, लोकार्पण और सम्मान समारोह
दुर्ग : नगर पालिका परिषद जामुल के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के जन्मदिवस के अवसर पर कल (29 जून) नगर में विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नगर पालिका परिषद एवं आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे वार्ड क्रमांक 10 स्थित परशुराम चौक के भूमिपूजन से होगी। इसके बाद सुरडुंग अटलौर-डीह रोड स्थित "रियाज सदन" का लोकार्पण एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं दोपहर 1:30 बजे भगवान शिव की भव्य प्रतिमा के समीप डोम शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 2:00 बजे एसीसी मंगल भवन, जामुल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 101 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। इसी अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं, विद्यालयों के प्राचार्यों, पूर्व सैनिकों एवं दृष्टिबाधित बच्चों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं नागरिकों के लिए स्नेह भोज की व्यवस्था रहेगी। समारोह में विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमनलाल कोसेवाड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेन्द्र देवांगन, जिला प्रभारी रामजी भारती, भाजपा नेता राकेश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने नगरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने और नगर के विकास से जुड़े इस आयोजन के साक्षी बनने का आग्रह किया है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.