सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए उद्यमी मनीष पारख को डॉक्टरेट की उपाधि
दुर्ग : मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन एवं दुर्ग जिले के प्रख्यात उद्योगपति मनीष पारख को सामाजिक दायित्वों एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री के हाथों प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीष पारख ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है, जिन्होंने हर सामाजिक कार्य में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, "डॉक्टरेट की इस उपाधि के लिए मैं आप सभी के सहयोग और विश्वास के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"
मनीष पारख ने बताया कि उन्हें अपने पिता से समाज के प्रति सेवा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की प्रेरणा मिली। इसी सोच के साथ उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर जागरूकता और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य किए हैं।
उनके नेतृत्व में लाइफकेयर डायग्नोस्टिक्स द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। पिछले सात वर्षों से निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का संचालन किया जा रहा है तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को बढ़ावा देने के लिए हेल्थ कार्ड योजना शुरू की गई है। युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से स्किल डेवलपमेंट आधारित विशेष डिग्री कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
'मोर शहर, मोर जिम्मेदारी' अभियान के तहत दुर्ग के गांधी चौक, शहीद चौक, वाई-शेप ब्रिज चौक और कचहरी चौक के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक बैरिकेड उपलब्ध कराए गए।
महावीर स्कूल के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विद्यालय के जीर्णोद्धार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए विशेष प्रयास किए। वहीं, दुर्ग पुलिस के साथ मिलकर 'साइबर प्रहरी' अभियान के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता फैलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सामाजिक सेवा, जनकल्याण और विकास कार्यों में निरंतर योगदान के लिए मिला यह राष्ट्रीय सम्मान दुर्ग जिले के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.