पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी शांति देवी वोरा का निधन, दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर
दुर्ग : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय मोतीलाल वोरा जी की धर्मपत्नी तथा दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण वोरा एवं अरविंद वोरा की पूज्य माताजी श्रीमती शांति देवी वोरा के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उनके निधन से दुर्ग शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
श्रीमती शांति देवी वोरा अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव और पारिवारिक मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने स्वर्गीय मोतीलाल वोरा के सार्वजनिक जीवन में सदैव एक मजबूत सहयोगी की भूमिका निभाई। उनका जीवन सेवा, संस्कार, सरलता और सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।
उनके निधन की खबर मिलते ही दुर्ग स्थित निवास पर जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शुभचिंतकों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों का पहुंचना शुरू हो गया। सभी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि श्रीमती शांति देवी वोरा का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनका स्नेह, सरलता और मानवीय व्यवहार हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा।
दुर्ग शहर में उनके निधन से गहरा शोक व्याप्त है। अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.