प्रेस क्लब पत्रकार संघ की सेवा भावना बनी नई पहचान
दुर्ग - पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। इसी सोच को साकार करते हुए प्रेस क्लब पत्रकार संघ, दुर्ग ने विगत छह माह के दौरान सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर लगातार ऐसे कार्य किए हैं, जिन्होंने संगठन को एक नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है। समाज सेवा, जनहित और पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका को आगे बढ़ाते हुए संगठन ने एक बार फिर जनसमर्पण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब,जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के लिए निशुल्क भोजन वितरण का आयोजन कर मानवता की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर,शहर की प्रथम नागरिक एवं महापौर अलका बाघमार,समाजसेवी एवं उद्योगपति कैलाश जैन बरमेचा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,समाजसेवी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रेस क्लब पत्रकार संघ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य समाज को जागरूक करने के साथ-साथ समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़ा होना भी है। सेवा कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। उपस्थित अतिथियों ने स्वयं भोजन वितरण कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई। विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ ने अल्प समय में समाज के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। संगठन जिस प्रकार पत्रकारिता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभा रहा है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं। जब पत्रकार समाज सेवा के कार्यों में आगे आते हैं तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा किए जा रहे ऐसे सेवा कार्य निश्चित रूप से मानवता की भावना को मजबूत करेंगे। इस अवसर पर जनसमर्पण सेवा संस्थान, दुर्ग के प्रमुख बंटी योगेंद्र शर्मा को पिछले दस वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा संचालित करने के लिए प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं उद्योगपति कैलाश जैन बरमेचा ने समाजहित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में जरूरतमंदों के बैठने की सुविधा के लिए 100 चटाइयों का दान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जनहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए। उनकी घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम का एक भावनात्मक क्षण तब आया जब प्रेस क्लब पत्रकार संघ के कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता की सुपुत्री अनुष्का गुप्ता का जन्मदिन जरूरतमंदों के बीच केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर परिवार ने संदेश दिया कि जन्मदिन और अन्य खुशियों के अवसर पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय समाजसेवा का संकल्प लेना अधिक सार्थक है। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में लिनेश क्लब की अध्यक्ष रीता सिंह, जयश्री जोशी, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी देवनारायण चंद्राकर, रंजीता पाटिल, युवराज कुंजाम, हर्षिका जैन, दवा व्यापारी संघ के सचिव दीपक बंसल,वरिष्ठ पत्रकार संदीप उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रेस क्लब पत्रकार संघ की ओर से जिला संयोजक आशीष तिवारी अध्यक्ष संध्या उपाध्यक्ष रोहिताश सिंह भुआल,जान वी प्रसाद, ईश्वर साहू, महासचिव प्रशांत राजपूत, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता,पवन साहू,अरशद अली,लोकेश्वर ठाकुर,दीपमाला सिन्हा, शैलेन्द्र साहू सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्यों ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विगत छह महीनों में प्रेस क्लब पत्रकार संघ ने केवल पत्रकार हितों तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई है। संगठन का उद्देश्य पत्रकारिता को जनसेवा से जोड़ना और समाज के हर वर्ग तक सहयोग की भावना पहुँचाना है। लगातार आयोजित हो रहे सेवा, सम्मान और जनहित के कार्यक्रमों ने यह सिद्ध किया है कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ दुर्ग शहर में एक सकारात्मक और जनोन्मुखी संगठन के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.