विकसित भारत @2047 की नींव मजबूत करने संभाग स्तरीय कार्यशाला, राजनांदगांव व बेमेतरा के जनप्रतिनिधियों ने लिया प्रशिक्षण
दुर्ग : राज्य शासन के निर्देशानुसार विकसित भारत जी-राम (VB-GRAM) ग्रामीण योजना-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से तीन दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दूसरे दिन 4 अगस्त को दुर्ग संभाग के राजनांदगांव एवं बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान विकसित भारत जी-राम (VB-GRAM) ग्रामीण योजना-2025, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), ग्रामीण आजीविका संवर्धन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, विभागीय योजनाओं के अभिसरण, वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता एवं सुशासन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पंचायतों के प्रभावी संचालन, जनभागीदारी बढ़ाने तथा योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यशाला में जिला राजनांदगांव से जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, जनपद पंचायत डोंगरगांव के अध्यक्ष रंजीत पड़ोती, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की अध्यक्ष लता सिंह तथा जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिला बेमेतरा से जनपद पंचायत साजा के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जनपद पंचायत नवागढ़ के अध्यक्ष खोरबाहरा राम साहू तथा जनपद पंचायत बेरला की अध्यक्ष माधुरी रवि परगनिहा ने भी सहभागिता की।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर फैज खान (सहायक परियोजना अधिकारी), नवीन साहू (सहायक परियोजना अधिकारी, बेमेतरा) एवं अरदीप ढीढ़ी (सहायक परियोजना अधिकारी, दुर्ग) ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) सहभागी योजना, साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण, डिजिटल तकनीकों के उपयोग तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी अभिसरण पर आधारित है। इसका उद्देश्य विकसित भारत @2047 के विज़न के अनुरूप ग्राम पंचायतों में समग्र, सतत एवं आत्मनिर्भर विकास सुनिश्चित करना है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.