सांसद विजय बघेल ने प्रेस संवाद में खोला उपलब्धियों का पिटारा, विकास से जुड़े सवालों पर रखी बेबाक राय

दुर्ग : प्रेस क्लब पत्रकार संघ दुर्ग द्वारा आयोजित ‘प्रेस संवाद’ कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने पत्रकारों के साथ खुलकर अपने मन की बात रखी। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, संसदीय कार्यकाल की उपलब्धियों, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। पत्रकारों ने भी क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका सांसद ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम में खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, श्रमिक बस्तियों और किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।

 स्वनिधि योजना से पथ विक्रेताओं को लाभ, खेल महोत्सव में लाखों खिलाड़ियों की भागीदारी

सांसद विजय बघेल ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी पथ विक्रेताओं को लगभग 51 करोड़ 81 लाख रुपये के ऋण वितरण में सहायता मिलने की जानकारी दी। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव को स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला आयोजन बताते हुए करीब 4 लाख 98 हजार खिलाड़ियों के पंजीयन का उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से संसद में आयोजित मड़ई मेले का भी उन्होंने जिक्र किया।

 दुर्ग-भिलाई में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए करोड़ों की राशि

शहरी पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण के मुद्दे पर सांसद ने बताया कि दुर्ग नगर निगम को तीन वर्षों में 27 करोड़ 42 लाख रुपये तथा भिलाई नगर निगम को चार वर्षों में 54 करोड़ 40 लाख रुपये वायु गुणवत्ता सुधार के लिए उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

 श्रमिक बस्तियों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़े भूमि मामलों, रिसाली क्षेत्र की श्रमिक बस्तियों और मरोदा की भूमि के हस्तांतरण से संबंधित प्रयासों का उल्लेख करते हुए सांसद ने इन विषयों को क्षेत्र के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में उन्होंने सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में सुविधाओं के विस्तार और 800 बिस्तरों वाले चिकित्सा महाविद्यालय की मांग लोकसभा में उठाने की जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लगभग 193 करोड़ रुपये के बजट आवंटन का भी उन्होंने उल्लेख किया।

 शिक्षा, कृषि और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे

शिक्षा के क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय, भिलाई-दुर्ग के स्वतंत्र भवन के लिए करीब 6.99 एकड़ भूमि आवंटन का विषय सामने रखा गया। सांसद ने आरटीई के अंतर्गत अध्ययनरत कुछ विद्यार्थियों के विद्यालय से निष्कासन के मामलों में हस्तक्षेप कर उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। इसके अलावा दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की मांग और रिसाली-धनोरा मार्ग पर अंडरब्रिज के स्थान पर फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव का भी उल्लेख किया।

 सांसद निधि से 33 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति का दावा

विकास कार्यों के संबंध में सांसद ने बताया कि उनके वर्तमान और पिछले कार्यकाल को मिलाकर सांसद निधि से लगभग 33 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, पिछले दो वर्षों में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) सहित अन्य मदों से करीब 15 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दिलाने की जानकारी दी। जरूरतमंद लोगों को प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के प्रयासों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

 संयुक्त खातेदार किसानों के पंजीयन की समस्या का निराकरण लगातार पत्र लिखकर केंद्र सरकार द्वारा आने वाले धान खरीदी के सीजन को देखकर एग्री स्टेक पंजीयन को रूकवाने में अपनी मुख्य भूमिका निभाई।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.