सोमवार को दुर्ग में सजेगा ‘गरवी गरबा’ का भव्य मंच, धुनुची नृत्य रहेगा मुख्य आकर्षण
दुर्ग : दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित ओल्ड एलआईजी ग्राउंड (काली माता ग्राउंड) में सोमवार, 19 अक्टूबर को ‘गरवी गरबा’ का भव्य एक दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। शाम 6:30 बजे से प्रारंभ होने वाले इस उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए संरक्षक कैलाश जैन बरमेचा के मार्गदर्शन में आयोजन समिति व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है। अनुभव सखलेचा, आशीष तेलंग एवं संजय अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों को पारंपरिक गरबा, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
गुजराती गरबा के साथ दिखेगी बंगाली संस्कृति की झलक
इस बार ‘गरवी गरबा’ में गुजराती परंपरा की मनमोहक छटा के साथ बंगाली संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मां काली की आराधना के साथ प्रस्तुत किया जाने वाला विशेष धुनुची नृत्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। पारंपरिक वेशभूषा, गरबा की मधुर धुनों और सामूहिक नृत्य से पूरा परिसर उत्सवी रंग में रंगेगा। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को आकर्षक उपहार एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के लिए पुलिस और सैन्य बल से जुड़े अधिकारियों तथा पूर्व सैनिकों की सहभागिता और मार्गदर्शन को भी महत्व दिया जा रहा है। समिति का उद्देश्य है कि परिवार सहित आने वाले सभी नागरिक उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद ले सकें।
महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि, बीएसएफ कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव होंगे विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के फ्रंटियर मुख्यालय के कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे।
अन्य आमंत्रित अतिथियों में डॉ. भावना दिवाकर, सहायक प्राध्यापिका एवं अध्यक्ष, मां शक्ति स्वरूप महिला समिति, दुर्ग; डॉ. संकल्प राय, सब इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस एवं नोडल अधिकारी, साइबर क्राइम, दुर्ग; हरप्रीत सिंह, पूर्व भारतीय सेना; रत्ना नारमदेव, वरिष्ठ समाजसेविका एवं पूर्व एल्डरमैन, दुर्ग; डॉ. प्रीति अजय बेहरा, पूर्व सदस्य, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), दुर्ग, छत्तीसगढ़ शासन; मनीष शुक्ला, पूर्व भारतीय सेना; ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े सैन्यकर्मी तथा गौरव शर्मा, एल्डरमैन, नगर पालिक निगम दुर्ग एवं पूर्व जिला महामंत्री, युवा मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी, दुर्ग शामिल हैं।
महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता
आयोजन की तैयारियों में शहर की महिलाओं और गणमान्य नागरिकों की भी सक्रिय सहभागिता है। डॉ. कृष्ण अग्रवाल, वर्षा तेलंग, नीतू गर्ग, नमिता बंसल, मंजुश्री सहित अन्य सहयोगी सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति ने दुर्ग-भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे सोमवार, 19 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे पद्मनाभपुर स्थित ओल्ड एलआईजी ग्राउंड (काली माता ग्राउंड) पहुंचकर ‘गरवी गरबा’ के इस रंगारंग उत्सव में सहभागी बनें। पारंपरिक नृत्य-संगीत, धार्मिक आस्था और विभिन्न संस्कृतियों के सुंदर संगम से सजे इस आयोजन में शहरवासियों को एक यादगार सांस्कृतिक संध्या का अनुभव मिलेगा।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.