वेस्ट इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का समापन, 12 पदकों के साथ महाराष्ट्र बना ओवरऑल चैंपियन
दुर्ग : खालसा पब्लिक स्कूल परिसर, दुर्ग में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय वेस्ट इंडिया क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 का 27 नवंबर को गरिमामय समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। पावरलिफ्टिंग इंडिया के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिमी भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत, तकनीक और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की टीम ने 6 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 12 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मध्य प्रदेश 6 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य सहित 8 पदकों के साथ दूसरे तथा विदर्भ 3 स्वर्ण और 1 कांस्य सहित 4 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 10 पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 2 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से कुलदीप वर्मा ने जूनियर 83 किलोग्राम वर्ग में 627.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं रश्मि देवी ठाकुर ने ओपन 69 किलोग्राम वर्ग में 267.5 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्वर्ण प्रदेश की झोली में डाला।
रजत पदक विजेताओं में रोशनी ठाकुर (जूनियर 52 किग्रा), गुरदीप सिंह (ओपन 83 किग्रा), रूपिका अग्रवाल (ओपन 57 किग्रा), रेणु भन्नट (ओपन 69 किग्रा) और उत्सव सेन (सब-जूनियर 83 किग्रा) शामिल रहे। वहीं कांस्य पदक जीतने वालों में ब्लेसन बॉस्को (ओपन 83 किग्रा), दीपमाला साहू (ओपन 52 किग्रा) और आकृति बिंदल (ओपन 57 किग्रा) ने प्रदेश का मान बढ़ाया।
विदर्भ के मो. अंसार ने दर्ज की प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट
चैंपियनशिप में जूनियर 93 किलोग्राम वर्ग में विदर्भ के मो. अंसार अनवर अंसारी ने 725 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अन्य प्रमुख स्वर्ण पदक विजेताओं में जूनियर वर्ग से पूर्णिमा सिंह, संस्कृति संजय पांडे, रोशनी सिलावट, भाग्यश्री चव्हाण और मो. अंसार अनवर अंसारी शामिल रहे। ओपन वर्ग में सोनिया कैथवास, प्रियंका सिंह, चैत्राली कुलकर्णी, केतन नेमाडे और एग्नेल नादर ने स्वर्ण पदक हासिल किए। सब-जूनियर वर्ग में तपस्या मेटे, अंशिका भागवत, तनिषा आसननी, कार्तिक जैन और आदित्य मंडाडे ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते।
महापौर अलका बाघमार सहित अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
27 नवंबर को आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दुर्ग महापौर अलका बाघमार, बीएसएफ कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव, संतोष कुमार मार्कण्डेय, समाजसेवी बहादुर अली थरानी एवं वरिष्ठ पत्रकार रोमशंकर यादव मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
खेलों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले पत्रकारों का हुआ सम्मान
आयोजन को सफल बनाने और पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए आयोजन समिति ने पत्रकारों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित पत्रकारों में कृष्ण कांत साहू (भिलाई एक्सप्रेस), दीपमाला सिन्हा (हर खबर), महेश तिवारी (डीएम न्यूज़), पवन साहू (चैनल इंडिया), गल्विंदर सिंह (भारत गौरव), शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के संरक्षक एवं दुर्ग जिला पावरलिफ्टिंग संगठन के मुख्य संचालक कैलाश जैन 'बरमेचा' सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, तकनीकी अधिकारियों, खिलाड़ियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं खालसा शिक्षण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय इस आयोजन ने दुर्ग को पश्चिम भारत के खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.