SIR के बाद ECI का बड़ा फैसला: 20 राज्यों में छूटे वोटर्स के नाम फिर जुड़ेंगे, जानें पूरी प्रक्रिया

AKANSHA UPADHYAY 

 स्पेशल इंटेसिव रिवीजन यानी SIR  को लेकर जारी बहस के बीच भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मतदाता सूची को लेकर एक अहम निर्देश जारी किया है। आयोग ने उन 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां छूटे हुए पात्र मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए Special Drive चलाने का निर्देश दिया है।आयोग के निर्देश के मुताबिक, यह अभियान लगातार चलने वाली मतदाता सूची अपडेट प्रक्रिया का हिस्सा होगा। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर उन लोगों की पहचान करेंगे, जिनका नाम पहले की मतदाता सूची में था लेकिन SIR के बाद जारी अंतिम सूची में नहीं है।

छूटे हुए वोटर्स को दोबारा नाम जुड़वाने का मौका

SIR के दौरान BLO ने ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी के तहत मतदाताओं से संबंधित जानकारी तैयार की थी। इन सूचियों को संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक किया गया था। इसके बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हुई और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।अब आयोग ने निर्देश दिया है कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।इसके अलावा, ऐसे युवा जो पहली बार मतदान करने के योग्य हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, उन्हें भी इस अभियान के तहत शामिल किया जाएगा।

BLO करेंगे घर-घर जाकर वेरिफिकेशन

Special Drive में BLO की भूमिका अहम होगी। BLO को SIR से पहले की मतदाता सूची यानी Pre-SIR Roll और वर्तमान अंतिम मतदाता सूची का मिलान करना होगा।

इस प्रक्रिया में ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी:

जिनका नाम Pre-SIR मतदाता सूची में मौजूद था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है।जो वर्तमान में उसी पते पर रह रहे हैं और मतदान के लिए पात्र हैं।

जो पहली बार मतदाता बनने के योग्य हैं।

ऐसे युवा मतदाता जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है।पहचाने गए मतदाताओं के घर जाकर BLO उनका सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर मौके पर Form 6 भरवाने और नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में मदद की जाएगी।

हर BLO को तय लक्ष्य के साथ करना होगा काम

आयोग के निर्देश के अनुसार, BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं को कवर करने का लक्ष्य दिया गया है। इस तरह घर-घर जाकर सत्यापन और आवेदन की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।घर-घर अभियान के दौरान यदि BLO को कोई नया पात्र मतदाता, पहली बार मतदान करने वाला युवा या छूटा हुआ वोटर मिलता है, तो उसका भी Form 6 भरवाया जाएगा।

राजनीतिक दलों के BLA को भी मिलेगी सूची

इस अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए BLO द्वारा तैयार की गई संबंधित सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के Booth Level Agents (BLA) के साथ भी साझा की जाएगी।इससे राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के प्रतिनिधियों को भी यह देखने का अवसर मिलेगा कि उनके क्षेत्र में कौन से पात्र मतदाता सूची से छूटे हुए हैं।

Form 6 के बाद अंतिम फैसला ERO का

BLO द्वारा घर-घर सत्यापन और Form 6 जमा कराने के बाद पूरी जानकारी Electoral Registration Officer (ERO) को दी जाएगी।

इसमें शामिल होंगे:

पहचान किए गए छूटे हुए मतदाताओं की सूची

भरे गए Form 6

BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट

संबंधित अन्य जानकारी

इसके बाद मतदाता का नाम सूची में शामिल करने को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित ERO द्वारा Representation of the People Act, 1950 और Registration of Electors Rules, 1960 के तहत लिया जाएगा।

बूथ लेवल पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप

आयोग ने लोगों की सुविधा के लिए Booth Level Camps आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं। इन कैंपों में लोग अपने आवेदन और जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।इसके अलावा उन लोगों तक पहुंचने के लिए विशेष कैंप लगाए जाने हैं, जिन्हें सामान्य व्यवस्था में मतदाता सूची से जुड़ी सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इनमें नाइट शेल्टर, मजदूर कॉलोनी, बेघर और वंचित वर्ग के लोग शामिल हैं।

स्कूल-कॉलेजों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
 
मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए CEO, DEO और ERO स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

इसके लिए:

स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम

SVEEP गतिविधियां

प्रेस ब्रीफिंग

स्थानीय स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान

जैसी गतिविधियों का इस्तेमाल किया जाएगा।

रोजाना होगी अभियान की मॉनिटरिंग

आयोग ने इस Special Drive की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए हैं। CEO, DEO और ERO स्तर पर अभियान की प्रगति की दैनिक समीक्षा की जाएगी।सभी DEO, ERO और BLO को इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी करने को कहा गया है, ताकि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

राजनीतिक दलों को फिर मिलेगा लिस्ट देखने का मौका

पूरी कवायद पूरी होने के बाद ERO द्वारा बूथ-वाइज सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभियान के बावजूद कोई पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए।इस तरह आयोग की यह प्रक्रिया SIR के बाद मतदाता सूची को अपडेट करने के साथ-साथ उन पात्र मतदाताओं को दोबारा आवेदन का अवसर देने पर केंद्रित है, जिनके नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.