बड़े पर्दे पर फिर बजेगा किंग खान का डंका , 2026–27 में शाहरुख खान की चार फिल्में मचाएंगी तहलका
BY UJJWAL SINGH
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के फैंस के लिए आने वाले दो साल बेहद खास होने वाले हैं. साल 2023 में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर राज करने के बाद अब किंग खान फिर से बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी की तैयारी कर रहे हैं. पिछले तीन साल से उनकी कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, इसलिए फैंस उन्हें सिनेमाघरों में देखने के लिए बेताब हैं.लेकिन अब इंतजार खत्म होने वाला है. 2026 और 2027 में शाहरुख खान की एक नहीं बल्कि चार बड़ी फिल्में दर्शकों को एंटरटेन करने आ रही हैं. इनमें एक्शन, स्पाई थ्रिलर और मेगा स्टारकास्ट से भरपूर प्रोजेक्ट शामिल हैं। आइए जानते हैं किंग खान की अपकमिंग फिल्मों के बारे में.
‘जेलर 2’ में स्पेशल एंट्री से मचाएंगे धमाल
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ के सीक्वल ‘जेलर 2’ को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक इस पैन इंडिया एक्शन थ्रिलर में शाहरुख खान एक स्पेशल कैमियो करते नजर आ सकते हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो किंग खान फिल्म में एक दमदार पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाएंगे. फिल्म की रिलीज डेट अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह 12 जून या 12 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है.
‘किंग’ से होगा शाहरुख का बड़ा कमबैक
शाहरुख खान की सबसे चर्चित अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ है. यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर होगी, जिसे सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे.फिल्म की स्टार कास्ट भी बेहद शानदार है. इसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल, सौरभ शुक्ला और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार नजर आएंगे. ‘किंग’ क्रिसमस के मौके पर यानी 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने की तैयारी में है.
‘पठान 2’ से फिर शुरू होगा स्पाई मिशन
साल 2023 में रिलीज हुई ‘पठान’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी.अब फैंस इसके सीक्वल ‘पठान 2’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार यह फिल्म भी वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा होगी और इसे भी सिद्धार्थ आनंद ही डायरेक्ट कर सकते हैं.फिल्म 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है, हालांकि इसकी आधिकारिक रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है.
‘टाइगर वर्सेस पठान’ में होगा मेगा क्लैश
बॉलीवुड के दो सबसे बड़े सुपरस्टार शाहरुख खान और सलमान खान को एक साथ स्क्रीन पर देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होता. ‘टाइगर वर्सेस पठान’ इसी एक्साइटमेंट को और बढ़ाने वाली फिल्म है. इस स्पाई एक्शन फिल्म में शाहरुख खान ‘पठान’ और सलमान खान ‘टाइगर’ के किरदार में आमने-सामने नजर आएंगे. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फिलहाल इस प्रोजेक्ट को थोड़े समय के लिए रोक दिया गया है, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी.कुल मिलाकर आने वाले दो साल शाहरुख खान के फैंस के लिए किसी फिल्मी त्योहार से कम नहीं होंगे. कैमियो से लेकर बड़े एक्शन प्रोजेक्ट्स तक, किंग खान हर अंदाज में दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि 2026 और 2027 में शाहरुख खान का जादू बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करता है.

No Previous Comments found.