हॉरर की दुनिया की सबसे डरावनी फिल्म अब OTT पर: 'द शाइनिंग'
अगर आप हॉरर फिल्में देखने के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है. जी हाँ हॉलीवुड की सबसे डरावनी और आइकॉनिक फिल्म 'द शाइनिंग' अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. IMDb पर इस फिल्म की रेटिंग 8.4/10 है और इसकी कहानी और माहौल ऐसा है कि इसे देखते वक्त आपके रोंगटे खड़े हो सकते हैं. सालों बाद भी यह फिल्म दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनी हुई है.
फिल्म की कहानी
'द शाइनिंग' हॉरर और साइकोलॉजिकल थ्रिलर का बेहतरीन मिश्रण है. यह फिल्म लेखक स्टीफन किंग के 1977 के नॉवेल पर आधारित है। कहानी मुख्य रूप से लेखक जैक टॉरेंस और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है. जैक अपने परिवार के साथ सर्दियों में बंद पड़े ओवरलुक होटल की देखभाल करने जाता है. बर्फ से घिरे इस होटल में धीरे-धीरे अजीब घटनाएं घटने लगती हैं. होटल का पुराना डरावना इतिहास धीरे-धीरे सामने आता है और जैक के मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालता है. वहीं, उसका बेटा डैनी अपनी खास ताकत के जरिए आने वाले खतरे को पहले ही महसूस कर लेता है.
फिल्म की कास्ट और निर्देशक
'द शाइनिंग' को 1980 में स्टेनली कुब्रिक ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में जैक निकोलसन, शेली डुवैल, डैनी लॉयड और स्कैटमैन क्रॉथर्स मुख्य भूमिकाओं में हैं.शुरुआत में फिल्म को आलोचकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन समय के साथ यह एक कल्ट क्लासिक बन गई. रॉटन टोमैटोज़ पर फिल्म को आलोचकों से 83% और दर्शकों से 93% की शानदार रेटिंग मिली है.
बजट और कमाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म का बजट लगभग 19 मिलियन डॉलर था. वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने करीब 45 से 50 मिलियन डॉलर की कमाई की.
ओटीटी पर कहां देखें
अगर आप इस हॉरर क्लासिक को देखना चाहते हैं, तो 144 मिनट लंबी 'द शाइनिंग' अब प्राइम वीडियो और एप्पल टीवी जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. हॉरर फिल्में पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह एक बिल्कुल सही मौका है कि वे इस डरावनी और रोमांचक फिल्म का अनुभव करें.
No Previous Comments found.