धुरंधर 2’ ने प्रीव्यू से ही मचाया तहलका, बॉक्स ऑफिस पर बनाया नया इतिहास
BY UJJWAL SINGH
बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर: द रिवेंज (धुरंधर 2) ने रिलीज़ से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत कर दी है. लंबे इंतजार और कई बार टलने के बाद, 18 मार्च 2026 को फिल्म के पेड प्रीव्यू शो शुरू हुए और पहले ही दिन इसने रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर सबको चौंका दिया.
पेड प्रीव्यू से ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई
फिल्म ने अपने प्रीमियर शो से भारत में करीब 44 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो अब तक किसी भी भारतीय फिल्म के पेड प्रीव्यू का सबसे बड़ा आंकड़ा है. ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह लगभग 52.71 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
इस उपलब्धि के साथ, ‘धुरंधर 2’ ने 2025 में आई पहली फिल्म धुरंधर को भी पीछे छोड़ दिया, जिसने अपनी ओपनिंग में 28 करोड़ रुपये कमाए थे. इतना ही नहीं, इसने स्त्री 2 के 10 करोड़ के प्रीव्यू रिकॉर्ड को भी कई गुना पीछे छोड़ दिया.
रिकॉर्डतोड़ रिलीज़ और जबरदस्त डिमांड
फिल्म को भारत में करीब 6,000 स्क्रीन्स पर 9,000 शो के साथ रिलीज़ किया गया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। औसत टिकट कीमत 400 रुपये से अधिक होने के बावजूद, दर्शकों की दीवानगी ऐसी रही कि ज्यादातर शो पहले से ही हाउसफुल हो गए.
यह कलेक्शन ओजी के 25 करोड़ के प्रीव्यू रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देता है, जिससे ‘धुरंधर 2’ ने ऑल-इंडिया स्तर पर नया इतिहास रच दिया है.
स्टार कास्ट और फिल्म की खासियत
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। यह फिल्म एक हाई-ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर है, जिसमें एक्शन और ड्रामा का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है.
ब्लॉकबस्टर ओपनिंग की उम्मीद
पहले भाग ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और अब ‘धुरंधर 2’ की धमाकेदार शुरुआत ने यह साफ कर दिया है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है.
19 मार्च को फुल फ्लैज्ड दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है. साथ ही अब सभी की निगाहें इसके ओपनिंग डे कलेक्शन पर टिकी हैं. दर्शकों का उत्साह बता रहा है कि यह फिल्म साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है.

No Previous Comments found.