पहलगाम आतंकी हमले पर बनेगी फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री साथ आए
BY UJJWAL SINGH
बॉलीवुड में एक और रियल-इंस्पायर्ड फिल्म का ऐलान हो गया है. फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री और प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा की है, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य कार्रवाई से प्रेरित बताई जा रही है.यह फिल्म देश की सुरक्षा रणनीति और सेना के ऑपरेशनों पर आधारित होगी.
सच्ची घटनाओं और किताब पर आधारित कहानी
‘ऑपरेशन सिंदूर’ लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan’ पर आधारित है. फिल्म में उन घटनाओं को दिखाया जाएगा, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद सामने आईं और जिनके जवाब में भारतीय सेना ने लक्षित सैन्य कार्रवाई की. मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म केवल सतही जानकारी नहीं बल्कि गहराई से शोध की गई सच्ची घटनाओं को सामने लाएगी.
गहन रिसर्च और सेना का सहयोग
विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के विभिन्न विभागों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर रिसर्च की गई है. उनका कहना है कि फिल्म का उद्देश्य सिर्फ यह दिखाना नहीं है कि क्या हुआ, बल्कि यह भी समझाना है कि कैसे और क्यों हुआ. उन्होंने इसे एक जटिल और सटीक कहानी बताया, जो आम जानकारी से कहीं अधिक विस्तृत है.
सिनेमा के जरिए सच्चाई दिखाने की कोशिश
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि वह हमेशा ऐसी कहानियां सामने लाना चाहते हैं जो जरूरी हों, भले ही वे असहज क्यों न लगें. उनका लक्ष्य इस फिल्म के जरिए बहादुरी, रणनीति और पेशेवर कौशल की कहानी को दर्शकों तक ईमानदारी से पहुंचाना है. साथ ही, इसे एक दमदार सिनेमैटिक अनुभव बनाने की भी कोशिश की जाएगी.
टी-सीरीज़ और आई एम बुद्धा प्रोडक्शन का सहयोग
फिल्म का निर्माण टी-सीरीज़ और आई एम बुद्धा प्रोडक्शन के बैनर तले किया जाएगा, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी खुद विवेक अग्निहोत्री संभालेंगे. हालांकि, फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. दर्शकों को इस फिल्म से एक गंभीर और प्रभावशाली कहानी की उम्मीद है.
No Previous Comments found.