धुरंधर 2’ पर बवाल विशाल भारद्वाज का लाइक पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर जमकर हुए ट्रोल
बॉलीवुड में इन दिनों आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ जहां बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, वहीं विवादों में भी घिरती जा रही है.फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है. लेकिन इसी बीच फिल्म को लेकर उठे एक विवाद ने माहौल गरमा दिया है.
विवादित रील से शुरू हुआ पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक विवादित रील तेजी से वायरल हुई, जिसमें ‘धुरंधर’ के फैंस और दर्शकों की तुलना जर्मनी के नाजियों से की गई थी. इस वीडियो ने पहले ही लोगों को दो हिस्सों में बांट दिया था कुछ इसे फिल्म की आलोचना मान रहे थे, तो कुछ इसे हद से ज्यादा आपत्तिजनक बता रहे थे.
मामला तब और बढ़ गया जब खबर आई कि फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने इस रील को लाइक किया है. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर आलोचना शुरू कर दी.
विशाल भारद्वाज पर भड़के यूजर्स
वायरल स्क्रीनशॉट्स में कथित तौर पर विशाल भारद्वाज का लाइक दिखने के बाद लोग भड़क उठे. एक यूजर ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि डायरेक्टर खुद ऐसी पोस्ट को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसमें दर्शकों का अपमान किया जा रहा है. वहीं, कुछ यूजर्स ने कॉमेडियन जाकिर खान के कमेंट्स को सही ठहराते हुए कहा कि “धुरंधर की सफलता से कई लोगों को जलन हो रही है.
‘ओ रोमियो’ को लेकर भी कसे तंज
ट्रोलिंग यहीं नहीं रुकी. यूजर्स ने विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी तंज कसना शुरू कर दिया. एक यूजर ने लिखा, “ओ रोमियो का लाइफटाइम कलेक्शन, धुरंधर 2 के पेड प्रीव्यू के बराबर है.” वहीं, दूसरे ने कटाक्ष किया, “उन्हें ये भी बताना चाहिए कि आखिर लोगों ने ओ रोमियो क्यों देखी?”
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का जलवा बरकरार
इन सब विवादों के बावजूद ‘धुरंधर 2’ की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा है. फिल्म 23 दिनों बाद भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 1256.76 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन 1049.72 करोड़ रुपये हो गया है.
जहां एक तरफ ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है, वहीं दूसरी तरफ विवाद इसे और सुर्खियों में ला रहे हैं. अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है, लेकिन फिलहाल फिल्म की गूंज हर तरफ सुनाई दे रही है चाहे तारीफ हो या ट्रोलिंग.


No Previous Comments found.