राजा शिवाजी’ की दमदार एंट्री ओपनिंग डे पर डबल डिजिट कमाई, ‘मणिकर्णिका’ का रिकॉर्ड टूटा

महाराष्ट्र दिवस (1 मई) के खास मौके पर रिलीज हुई राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है. रितेश देशमुख के निर्देशन और अभिनय से सजी यह ऐतिहासिक फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि स्वराज और मराठा गौरव की भावनाओं को जगाने वाली गाथा बनकर उभरी है. रिलीज से पहले बना जबरदस्त बज अब थिएटरों में भी साफ नजर आ रहा है.

ओपनिंग डे कलेक्शन में दिखा दम 

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इसमें मराठी वर्जन से 8 करोड़ और हिंदी वर्जन से 3.35 करोड़ का कलेक्शन शामिल है. ये आंकड़े फिलहाल अर्ली ट्रेंड हैं, जिनमें आधिकारिक डेटा आने के बाद बदलाव संभव है.

बॉक्स ऑफिस क्लैश में मारी बाजी

फिल्म का मुकाबला एक दिन और पैट्रियट जैसी बड़ी फिल्मों से था, लेकिन ‘राजा शिवाजी’ ने ज्यादा दर्शक खींचकर बाजी मार ली. खासतौर पर मराठी दर्शकों में फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला.

‘मणिकर्णिका’ को छोड़ा पीछे

ओपनिंग डे पर ‘राजा शिवाजी’ ने मणिकर्णिका के 8.75 करोड़ के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया. हालांकि यह अभी तान्हाजी (15.10 करोड़) और छावा (33.50 करोड़) के रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच पाई है.

 स्टार कास्ट और फिल्म की खास बातें

फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनेलिया डिसूजा ने किया है, जबकि इसे जियो स्टूडियोज ने प्रस्तुत किया है. करीब 3 घंटे 15 मिनट लंबी इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, बोमन ईरानी, अमोल गुप्ते जैसे कलाकार नजर आए हैं, वहीं सलमान खान का कैमियो भी खास आकर्षण बना हुआ है.

‘राजा शिवाजी’ ने पहले ही दिन साबित कर दिया कि दमदार कहानी और मजबूत प्रस्तुति के दम पर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा जा सकता है. अब सभी की नजरें इसके वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.