'दृश्यम 3' से फिर लौटेगा विजय सालगांवकर! शूटिंग पूरी, रिलीज का काउंटडाउन शुरू

सस्पेंस और थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, वहीं अब अजय देवगन स्टारर हिंदी वर्जन को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है. मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है और अब यह पोस्ट-प्रोडक्शन फेज में पहुंच चुकी है. फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

मलयालम 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

निर्देशक जीतू जोसेफ की मोहनलाल स्टारर मलयालम फिल्म 'दृश्यम 3' 21 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज के बाद से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है. हालांकि कुछ क्रिटिक्स ने फिल्म को मिला-जुला रिव्यू दिया, लेकिन दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया. यही वजह है कि फिल्म ने पहले ही सप्ताह में दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया.

हिंदी वर्जन में मिलेगा नया ट्विस्ट

अजय देवगन की 'दृश्यम 3' को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म मलयालम वर्जन की हूबहू कॉपी नहीं होगी. मेकर्स ने साफ किया है कि हिंदी दर्शकों के लिए कहानी में कई अहम बदलाव किए गए हैं. खास तौर पर फिल्म का क्लाइमेक्स नया होगा, जो दर्शकों को एक अलग अनुभव देगा। इसी वजह से फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है.

शूटिंग पूरी, अब पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू

123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम 3' की शूटिंग आधिकारिक रूप से पूरी हो चुकी है. अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुकी है. पैनोरमा स्टूडियोज और स्टार स्टूडियोज इस फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं. फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और नई कहानी के वादे को देखते हुए इसे साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.

कब रिलीज होगी 'दृश्यम 3'?

फिल्म में अजय देवगन के साथ तबू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, रजत कपूर, कमलेश सावंत और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. बहुप्रतीक्षित 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सालगांवकर एक बार फिर दर्शकों को किस तरह चौंकाते हैं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.