जन नायकन: यूके में बिना कट होगी रिलीज, एडवांस बुकिंग में मचाया धमाल, एक घंटे में बिके हजारों टिकट
तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' आखिरकार रिलीज के लिए तैयार है. करीब सात महीने तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) में अटकी रहने के बाद फिल्म को मंजूरी मिल गई है. हालांकि भारत में इसे 12 कट्स के साथ रिलीज किया जाएगा, लेकिन यूके में यह बिना किसी कट के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी. रिलीज से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है.
सात महीने बाद मिली सेंसर बोर्ड से मंजूरी
थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' लंबे समय से सीबीएफसी की मंजूरी का इंतजार कर रही थी. लगभग सात महीने बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म को रिलीज की अनुमति दे दी है. हालांकि बोर्ड ने फिल्म में करीब 12 कट्स लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद इसे भारत में 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म विजय के करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, इसलिए फैंस के बीच इसे लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है.
यूके में बिना कट होगी रिलीज
जहां भारत में फिल्म कट्स के साथ रिलीज होगी, वहीं यूनाइटेड किंगडम (यूके) में दर्शकों को फिल्म का पूरा संस्करण देखने को मिलेगा. Ahimsa Entertainment ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 'जन नायकन' 24 जुलाई को यूके के सिनेमाघरों में 15-रेटेड सर्टिफिकेट के साथ बिना किसी कट के रिलीज होगी. पोस्ट में लिखा गया कि दर्शकों को फिल्म का पूरा एक्शन, मास अपील और थलापति विजय का दमदार अंदाज उसी रूप में देखने को मिलेगा, जैसा इसे बनाया गया है.
एडवांस बुकिंग में जबरदस्त प्रदर्शन
यूके में फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मेकर्स के मुताबिक, बुकिंग खुलने के महज एक घंटे के भीतर ही हजारों टिकट बिक गए. वहीं एशियन बॉक्स ऑफिस की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने यूके में एडवांस बुकिंग से अब तक 1 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है. यह आंकड़ा रिलीज से पहले ही फिल्म की लोकप्रियता को दर्शाता है.
भारत और नॉर्थ अमेरिका में भी बढ़ा क्रेज
यूके के अलावा नॉर्थ अमेरिका में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जहां टिकटों की बिक्री तेज़ी से हो रही है. भारत में अभी सभी शहरों में एडवांस बुकिंग शुरू नहीं हुई है, लेकिन रिलीज डेट नजदीक आने के साथ इसकी शुरुआत होने की उम्मीद है. 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में थलापति विजय के साथ पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म को लेकर भारत ही नहीं, विदेशों में भी जबरदस्त माहौल बना हुआ है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही है.
No Previous Comments found.