रेखा को मिलेगा ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवॉर्ड, IFFM 2026 में होंगी सम्मानित
भारतीय सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री रेखा को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 में विशेष सम्मान दिया जाएगा। पांच दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी सफर और भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान को देखते हुए रेखा को फेस्टिवल में ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा वह इस प्रतिष्ठित आयोजन में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में भी शामिल होंगी।
‘उमराव जान’ की खास स्क्रीनिंग में शामिल होंगी रेखा
IFFM 2026 में रेखा की चर्चित और यादगार फिल्म ‘उमराव जान’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। साल 1981 में रिलीज हुई यह फिल्म निर्देशक मुजफ्फर अली की बेहतरीन कृतियों में से एक मानी जाती है। फिल्म में रेखा ने उमराव जान के किरदार को जिस खूबसूरती और संवेदनशीलता के साथ निभाया था, उसे भारतीय सिनेमा के सबसे शानदार अभिनय प्रदर्शनों में गिना जाता है।
फेस्टिवल के दौरान रेखा इस फिल्म की यात्रा को एक बार फिर दर्शकों के साथ साझा करेंगी। इस खास मौके पर उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान और यादगार भूमिकाओं के लिए ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान मिलने पर रेखा ने जाहिर की खुशी
इस सम्मान को लेकर रेखा ने अपनी खुशी और भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि ‘उमराव जान’ कभी उनसे अलग नहीं हुई। यह फिल्म आज भी उनकी यादों, भावनाओं और उन सभी लोगों के दिलों में जिंदा है, जिन्होंने वर्षों तक इसे प्यार दिया है।
रेखा ने कहा कि इस फिल्म की यात्रा को दोबारा महसूस करना और उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलता देखना उनके लिए बेहद भावुक और विनम्र अनुभव है। उन्होंने सिनेमा को अपने जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताते हुए कहा कि IFFM 2026 में मिलने वाला यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है।
अभिनेत्री ने यह सम्मान सिर्फ अपनी यात्रा का नहीं, बल्कि उन सभी फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों को भी समर्पित किया, जिन्होंने उनके करियर और जीवन को समृद्ध बनाया।
मेलबर्न में फहराएंगी भारतीय राष्ट्रीय ध्वज
IFFM 2026 के दौरान रेखा मेलबर्न में 15 अगस्त को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज भी फहराएंगी। यह समारोह फेस्टिवल की एक खास परंपरा का हिस्सा है, जिसमें पहले भी भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।
इससे पहले दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर, आमिर खान, शबाना आजमी, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, राम चरण और फिल्मकार करण जौहर जैसी हस्तियां इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बन चुकी हैं।
रेखा की मौजूदगी इस परंपरा में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ने जा रही है। IFFM 2026 में उनका सम्मान भारतीय सिनेमा की विरासत और वैश्विक स्तर पर उसकी पहचान को और मजबूत करेगा।
No Previous Comments found.