Epstein Files: किंग चार्ल्स के भाई पर शिकंजा, कदाचार के आरोपों में गिरफ्तारी

अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी Jeffrey Epstein से जुड़े मामले में ब्रिटेन में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने ब्रिटेन के राजा King Charles III के छोटे भाई Prince Andrew को हिरासत में लिया है। बीबीसी टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें सार्वजनिक पद पर कदाचार के शक में गिरफ्तार किया है, जो एपस्टीन से उनके कथित संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म पर अचानक पुलिस की हलचल बढ़ गई थी। यहां छह बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां और करीब आठ सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी पहुंचे थे, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।

बताया जा रहा है कि थेम्स वैली पुलिस पहले ही इस महीने की शुरुआत में उन आरोपों की समीक्षा कर रही थी, जिनमें दावा किया गया था कि माउंटबेटन-विंडसर ने कथित तौर पर अमेरिकी अपराधी जेफरी एपस्टीन को गोपनीय सरकारी दस्तावेज दिए थे। ये आरोप हाल ही में अमेरिकी सरकार द्वारा जारी की गई फाइलों के सामने आने के बाद चर्चा में आए हैं।

हालांकि, दिवंगत महारानी Elizabeth II के दूसरे बेटे प्रिंस एंड्रयू पहले भी इन सभी आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि उन्हें एपस्टीन से अपनी दोस्ती पर पछतावा है, लेकिन किसी भी गलत काम में शामिल होने की बात से उन्होंने हमेशा इंकार किया है। हाल में सामने आए दस्तावेजों के बाद भी उन्होंने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई नई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पुलिस ने आधिकारिक बयान में सीधे तौर पर उनका नाम नहीं लिया है। थेम्स वैली पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के शक में 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही बर्कशायर और नॉरफॉक में स्थित कई ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया गया है।

इस मामले पर सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा कि विस्तृत मूल्यांकन के बाद अब इस आरोप की औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है और पुलिस अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में जनता की दिलचस्पी को देखते हुए उचित समय आने पर और जानकारी साझा की जाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.