शिक्षकों के चयन वेतनमान की उठाई मांग

एटा - उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ संबद्ध अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ नई दिल्ली के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और वित्त एवं लेखा अधिकारी को ज्ञापन दिया। इस दौरान संगठन ने शिक्षकों के चयन वेतनमान शीघ्र लगाने सहित सात सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया। संगठन द्वारा मांग उठाई गई कि जिन शिक्षकों ने 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली है उनका चयन वेतनमान अभी तक नहीं लगा है। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वार्ता में बताया कि जो शिक्षक पूर्व माध्यमिक विद्यालयों मे सहायक अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय में तैनात है और 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके हैं उनके लिए महा निदेशक स्तर से आदेश आएगा तभी उनके चयन वेतन मान लगाने के आदेश जारी किए जायेंगे। अभी केवल प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों का आदेश आया है उनका पहले लगाया जाएगा। मतदाता सूची पुनरीक्षण में जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगी,किसी कारण उनका कार्य पूर्ण नहीं हुआ उनके वेतन रोक दिए गए थे,उनका कार्य पूर्ण होने के पश्चात तहसील से रिपोर्ट लग गई है उनका वेतन निकालने की बात रखी गई। इसके अलावा जो शिक्षक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए उनका एक दिन का वेतन काटने की जगह उनके आकस्मिक अवकाश से कटौती की जाए।जिन शिक्षकों का प्रोन्नत वेतनमान लगना है उनका प्रोन्नत वेतनमान लगाया जाए। इसके अलावा 31 मार्च 2026 को जो शिक्षक सेवानिवृत्त हो रहे है उनके समस्त देयक समय से दिए जाने और उनकी पेंशन पत्रावली भी समय से तैयार कराने की बात कही।लेखाधिकारी के पोर्टल पर लंबित समस्त प्रकार के एरियर समयबद्ध भुगतान के अलावा जिन शिक्षकों द्वारा जीपीएफ से लड़की के विवाह,मकान  निर्माण या अन्य कार्यों हेतु लोन के लिए आवेदन किए गए है उनका भी भुगतान समय से कराया जाए। मांगो और समस्याओं के संबंध में महानिदेशक सहित उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। ज्ञापन देने वालों में वीरपाल सिंह जाटव प्रान्तीय तथा जिला मंत्री,ओमवीर सिंह राजपूत जिलासंयुक्त मंत्री,सत्येंद्र कुमार यादव जिला उपाध्यक्ष,कृष्ण कुमार राजपूत ब्लॉक अध्यक्ष मारहरा,सत्यव्रत दीक्षित ब्लॉक अध्यक्ष अलीगंज,सुधीर वर्मा ब्लॉक मंत्री अलीगंज,मदन कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.