स्टेडियम में लीग सीजन 5 के लिए हुआ खिलाड़ियों का ट्रायल, 40 खिलाड़ियों ने लिया भाग

एटा -  पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में शेखर सराफ फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने वाली  अलीगढ़ मंडल प्रो कबड्डी लीग सीजन 5 के लिए कबड्डी खिलाड़ियों के ट्रायल का आयोजन हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने चयन के लिए बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। इस मध्य चयनकर्ताओं द्वारा 12 खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर खेलने के लिए टीम में चयनित किया। आयोजित किए गए ट्रायल में जनपद के 40 खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा जनपद कासगंज के पांच खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की।सभी खिलाड़ियों ने अपने खेलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा जनपद एटा से 12 खिलाड़ी जिनमें पवनजीत, नितिन, अमन, सचिन कुमार, गोविंद, प्रशांत यादव, प्रिंस, आकाश कुमार, निखिल यादव, अजय, कमल कांत और लकी कुमार का चयन हुआ। जनपद कासगंज से कबड्डी के खिलाड़ी प्रवीण का चयन भी मंडलीय प्रो कबड्डी लीग के लिए किया गया। अलीगढ़ मंडल प्रो कबड्डी लीग सीजन 5 जनपद अलीगढ़ में अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगी। आयोजन प्रभारी संजय माहेश्वरी द्वारा बताया गया कि मंडलीय प्रो कबड्डी लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा। ट्रायल के अवसर पर कबड्डी लीग के आयोजक मंडल के प्रभारी संजय मां, कोच गजेंद्र तिवारी, वीरेंद्र कुमार, एटा जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव रजनीश यादव, उपाध्यक्ष मनोज यादव, इंद्रेश कुमार रेफरी, कुलदीप यादव, सचिन कुमार आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.