माता रानी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदिरों में लगी लंबी कतारें

एटा - जलेसर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही नगर के प्रमुख देवी मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मां पथवारी मंदिर, महावीर गंज स्थित मां दुर्गा मंदिर, शेरगंज स्थित मां पथवारी मंदिर तथा ब्लॉक कॉलोनी स्थित मां पथवारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण बना हुआ है। महिलाएं, पुरुष एवं युवा बड़ी संख्या में माता रानी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिरों में सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, कई भक्त व्रत रखकर माता रानी की आराधना में लीन हैं। मां पथवारी मंदिर के पुजारी होती लाल एवं प्रबंधक कमेटी के सदस्य अंकित गुप्ता ने बताया कि नवदुर्गा महोत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे नवरात्रि के चलते पूरे नगर में उत्साह और आस्था का माहौल है तथा भक्तों में माता रानी के दर्शन को लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.