उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें, लोग हुए बेहाल

एटा : पिछले दिनों हुई बारिश के बाद जिले में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ वातावरण में नमी बढ़ गई, जिससे लोगों को दिनभर चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। घर से बाहर निकलते ही लोग पसीने से तरबतर नजर आए। शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम दिखाई दी। अधिकांश लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द घर लौटते नजर आए। गर्मी और उमस से बचने के लिए लोग कूलर, पंखों और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण सड़क किनारे जूस और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। वहीं बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर बिजली की आवाजाही ने भी लोगों की दिक्कत बढ़ा दी। बिजली कटौती के दौरान घरों में उमस और अधिक बढ़ गई, जिससे लोग बेचैन दिखाई दिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हाल में हुई बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिसके चलते उमस महसूस हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बीच-बीच में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई जा रही है। विशेषज्ञों ने लोगों को अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

रिपोर्टर : लखन 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.