99 जनगणना ब्लॉक में कार्य पूरा
एटा : जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में चल रहे मकान चिन्हीकरण के कार्य में अभी भी पांच दर्जन से ज्यादा प्रगणक कार्य को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जहां जिले में 99 प्रगणक अपने-अपने जनगणना ब्लॉक में कार्य को पूर्ण कर चुके हैं तो दूसरी ओर 62 प्रगणक अभी भी अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थिति दर्ज करने नहीं पहुंचे। उधर प्रशासन द्वारा लगातार समय से कार्य को पूर्ण किए जाने पर जोर दिया जा रहा है।
यहां बता दें कि 22 मई से शुरू हुई जनगणना के अंतर्गत जिले में 3190 एचएलबी के लिए कार्य शुरू कराया गया है। प्रत्येक जनगणना ब्लॉक में एक प्रगणक नियुक्त किया गया है। खास बात तो यह है की शुरुआत में भीषण गर्मी के मध्य कुछ कार्य प्रभावित होने जैसी स्थिति समझी जा रही थी लेकिन पिछले तीन दिनों से गर्मी से काफी राहत के बावजूद भी अभी तक शत प्रतिशत जनगणना ब्लॉक में कार्य शुरू नहीं हुआ। 3190 के सापेक्ष 3029 एचएलबी में कार्य गतिमान हुआ है जिनमें 99 प्रगणक द्वारा अपना कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अभी भी 62 प्रगणक द्वारा एचएलओ एप पर प्रगति शून्य बनी हुई है। स्पष्ट है कि संबंधित प्रगणक अभी तक अपने-अपने जनगणना ब्लॉक में उपस्थिति ही नहीं हुए हैं। अभी तक की जनगणना की स्थिति में एटा विधानसभा क्षेत्र के सर्वाधिक 74 प्रगणक ऐसे हैं जिन्होंने तेजी से कार्य करते हुए अपना प्रथम चरण का कार्य पूर्ण कर दिया है। एटा तहसील में 23 तथा अलीगंज तहसील में 15 के अलावा जलेसर तहसील में 19 प्रगणक ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी दस्तक देने नहीं पहुंचे हैं। 10 दिन बाद भी नियुक्त कर्मचारियों की लापरवाही पर लगातार प्रशासन द्वारा नाराजगी जताई जा रही है। अभी तक जनगणना ब्लॉकों से गायब कर्मचारियों की वजह से ही जनगणना की प्रगति भी जिला स्तर पर प्रभावित हो रही है। नगर पालिका जलेसर में चार, नगर पंचायत सकीट में तीन, नगर पालिका मारहरा के आठ, नगर पंचायत जैथरा में दो, नगर पालिका एटा में चार, नगर पालिका अलीगंज में दो प्रगणक भी अभी तक अनुपस्थित बने हुए हैं। ऐसी स्थिति में नगरीय निकाय क्षेत्र का जनगणना कार्य भी प्रभावित हो रहा है। सभी तहसील क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों द्वारा लगातार शून्य प्रगति वाले कर्मचारियों को कार्य करने की हिदायत दी जा रही है। उधर जिला मतगणना अधिकारी लालता प्रसाद शाक्य ने कहा है कि सभी जनगणना कर्मी इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही न बरतें। अगले दिवस तक कोई भी जनगणना ब्लॉक शून्य नहीं रहना चाहिए।
जलेसर में 20 शिक्षकों के वेतन रोकने की कार्रवाई
जलेसर तहसील क्षेत्र में जनगणना कार्य में नियुक्त किए गए शिक्षकों व बेसिक शिक्षा के कर्मचारी द्वारा बढ़ती जा रही लापरवाही तथा अभी तक प्रगति शून्य होने की स्थिति में चार्ज अधिकारी जनगणना जलेसर तहसीलदार संदीप सिंह ने 20 शिक्षकों का वेतन रोकने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संस्तुति भेजी है। इनमें नियुक्त प्रगणक लेखपाल सिंह, शिव अवतार, रामकुमार यादव, शालिनी, प्रेमपाल सिंह, शालिनी सिंह, गीता, सुल्तान सिंह, कमलेश देवी, सीमा कुशवाहा, शिवानी उपाध्याय, मधुबाला, रोहित कुमार, राजकुमार, अरविंद कुमार, प्रेमलता, सत्यवीर सिंह, शाहनवाज, उषा सिंह, बबीता पांडे शामिल है।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.