जिले का बढ़ाया मान, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
एटा - माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक पाकर जिले को गौरवान्वित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह के दौरान हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट के 21 टॉपर्स विद्यार्थियों को सरकार के तोहफा के रूप में प्रत्येक को 21000 रुपए धनराशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। मेधावी छात्र छात्रा सम्मान पाकर उनके चेहरे की खुशी से खिल उठे। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किए जाने वाले कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेन्द्र लोधी एवं ब्लॉक प्रमुख मारहरा रवि वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मेधावी छात्रों एवं छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक एवं मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए ईमानदारी, अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है।सभी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
भाजपा जिलाध्यक्ष तथा सदर विधायक ने भी विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, नवाचार, सकारात्मक सोच एवं उत्कृष्टता की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ इंद्रजीत ने मेधावियों के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ सभी का आभार व्यक्त किया। बताया कार्यक्रम के दौरान हाई स्कूल के 11 तथा इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया है। जल्दी ही सभी के खातों में धनराशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी भावना विमल, प्रधानाचार्य डॉ सुधीर गुप्ता,अशोक यादव, डा ओमेंद्र यादव, राज सर, रमेश चंद्र, सौरव कुमार, प्रदीप कुमार, वीरेश यादव, दिनेश गुप्ता, राहुल जैन, सहित अन्य विभागीय कर्मी तथा मेधावियों के साथ आए प्रधानाचार्य शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद थे।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.