इंटर कॉलेज के लिपिक की हत्या, प्रधानाचार्य हिरासत में

एटा : जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम कसैला स्थित माधवानंद इंटर कॉलेज सोमवार को उस समय दहल उठा,जब कॉलेज के लिपिक राहुल की हत्या कर दी गई। शिक्षा के मंदिर में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते कॉलेज परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक के परिजनों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल और प्रधानाचार्य के बीच लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारों और कार्यशैली को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार दोनों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया।

परिजनों के मुताबिक,हत्या के बाद आरोपी प्रधानाचार्य शव को कार में रखकर घटनास्थल से हटाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस तत्काल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और कॉलेज परिसर की गहन जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। उधर,राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी, बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लिपिक और प्रधानाचार्य के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट,फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.