अवागढ़: बालमुकुंद ग्लोबल अकैडमी में तिलक लगाकर हुआ नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत, खिले चेहरे
एटा - कस्बा अवागढ़ स्थित बालमुकुंद ग्लोबल अकैडमी में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। स्कूल के प्रवेश द्वार पर शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों के स्वागत के लिए मौजूद रहे। जैसे ही बच्चे स्कूल पहुंचे, उनका पारंपरिक तरीके से माथे पर तिलक लगाकर और फूल बरसाकर अभिनंदन किया गया। इस अनोखे अंदाज को देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कई बच्चे पहली बार स्कूल पहुंचे थे, लेकिन शिक्षकों के स्नेहपूर्ण व्यवहार और गर्मजोशी से किए गए स्वागत ने उनके मन का संकोच दूर कर दिया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी नई कक्षा में प्रवेश किया और नए सत्र की शुरुआत की। विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। साथ ही नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह के आत्मीय स्वागत से बच्चों के मन में विद्यालय के प्रति प्रेम बढ़ता है और वे पूरे उत्साह के साथ अपनी पढ़ाई की शुरुआत करेंगे। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन बालमुकुंद ग्लोबल अकैडमी में बच्चों के चेहरे पर दिखी मुस्कान बता रही थी कि विद्यालय का यह स्वागत समारोह उनके लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।
इस मौके पर प्रबंधक डॉ.उमेश गोयल,विद्यालय निदेशक अंकित गोयल,प्रिंसिपल कविता सिंह,HOD अंकित जैन,मेघा कुलश्रेष्ठ,पूनम,गायत्री, सरिता,दिव्यांशी,श्रुति,हृदेश,ललतेश,निधि,शोभा,विनम्रता,अंजू, दिनेश,पंकज,अरविंद,मनोज समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर - लखन यादव
No Previous Comments found.