नगला गडरिया में 63 केवीए ट्रांसफार्मर फुंका, साथा नवीपुर में 25 दिन से डैमेज डीपी; ग्रामीणों में रोष
एटा : जलेसर तहसील क्षेत्र के बेरनी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत नगला गडरिया गांव में 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर बरसात के दौरान फुंक जाने से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। ग्रामीणों को अंधेरे के साथ-साथ पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण विकास यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर लगाए जाने के एक सप्ताह के भीतर ही डैमेज हो गया, जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि डैमेज ट्रांसफार्मर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। विकास यादव ने अवर अभियंता जितेंद्र पटेल एवं एसडीओ नवीन कुमार यादव से मांग की है कि गांव में शीघ्र नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उधर, बढ़नपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांव साथा नवीपुर में 10 केवीए की डीपी पिछले 25 दिनों से डैमेज पड़ी होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान में लगातार देरी हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं में डोरी लाल, सत्यपाल सिंह, नाहर सिंह, रामकिशन और सर्जुन सिंह शामिल हैं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांवों की समस्याओं का तत्काल समाधान कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.