एटा में नलकूपों से कॉपर केबल चोरी, किसानों में आक्रोश पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

एटा : जलेसर और सकरौली थाना क्षेत्र के गांव नगला सुखदेव व नीमखेड़ा में चोरों ने एक बार फिर किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया। अलग-अलग स्थानों पर करीब 13 किसानों के नलकूपों से कॉपर की केबल काटकर चोरी कर ली गई। सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। लगातार दूसरी बार चोरी की वारदात से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

किसानों के अनुसार करीब 20 दिन पहले भी चोरों ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नलकूपों से कॉपर की केबल चोरी की थी। उस दौरान करीब 30 से 35 नलकूपों को निशाना बनाया गया था। आरोप है कि पिछली घटना के बाद भी चोरों का सुराग नहीं लग सका और अब दोबारा वारदात होने से किसानों में भय का माहौल है। किसानों का कहना है कि नलकूपों से केबल चोरी होने के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होती है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। घटना की सूचना मिलने पर सकरौली कोतवाली प्रभारी नित्यानंद पांडे और जलेसर कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर किसानों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी। सकरौली कोतवाली प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि घटना के पर्दाफाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। गांव में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी। रात में खाट डालकर पहरा देंगे किसान लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने अब खुद नलकूपों की सुरक्षा का निर्णय लिया है। किसानों ने बताया कि मंगलवार रात नौ बजे से ग्रामीण चारपाई डालकर पूरी रात जागेंगे और नलकूपों की निगरानी करेंगे। किसानों ने कहा कि यदि जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। किसानों का आरोप है कि पिछली घटना के बाद ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़े हैं। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और नलकूपों को निशाना बनाने वाले गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो आंदोलन की जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.