एटा में चलाया गया बाल विवाह मुक्त भारत अभियान
एटा - जैथरा विकासखंड की ग्राम पंचायत रुपधनी में एक्सिलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट (ECAT) द्वारा बाल सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर डोर-टू-डोर सर्वे एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाल श्रम, बाल मानव तस्करी, बाल यौन शोषण, बाल अधिकार एवं सामुदायिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीण परिवारों से संवाद किया गया। अभियान में बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों को जागरूक किया गया। संस्था के चेयरमैन श्री विवेक सिंह द्वारा बताया गया कि बच्चों एवं महिलाओं के हित के लिए हमारी संस्था सदैव प्रयास करती रहेगी।
व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने, असुरक्षित परिस्थितियों में सावधानी बरतने तथा अपने अधिकारों की जानकारी रखने के बारे में विस्तार से बताया गया। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों एवं सहायता तंत्र से संपर्क करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा संस्था के CRO अंजुल सिंह द्वारा किया गया। संस्था के प्रदेश समन्वयक अंबरीश कुमार राय ने बताया कि समाज में जागरूकता किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। यदि हम सभी थोड़ी-थोड़ी जानकारी प्राप्त करके स्वयं और अपने परिवार को सजग बनाएं, तो एक सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। हमारे बच्चे ही आने वाले समय के भविष्य निर्माता हैं, इसलिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसी दूरगामी सोच के साथ एक्सिलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट द्वारा यह जागरूकता अभियान संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण समुदाय को बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।
रिपोर्टर :- देव कुमार मिश्रा
No Previous Comments found.