BKU भानु की चेतावनी के बाद हरकत में आया पुलिस प्रशासन, एटा में कॉपर तार चोर गैंग का भंडाफोड़
एटा : जलेसर-सकरौली क्षेत्र में किसानों के ट्यूबवेल से तार चोरी की कई वारदातों का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; तमंचे, कारतूस, 25 किलो कॉपर तार और दो कार बरामद जलेसर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खेतों पर लगे सबमर्सिबल पंपों से लगातार कॉपर तार चोरी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। कई गांवों में चोर किसानों के ट्यूबवेलों से सबमर्सिबल का कॉपर केबल काटकर ले जा रहे थे। लगातार हो रही वारदातों को लेकर किसानों में आक्रोश था। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष बृजवासी की चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित अंतर्जनपदीय तार चोर गैंग का खुलासा कर दिया।
जलेसर थाना पुलिस ने मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो कारतूस, करीब 25 किलो कॉपर तार, वैगनआर और स्विफ्ट कार तथा तार काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
खेतों में लगे ट्यूबवेल बने थे चोरों के निशाने पर
पिछले दिनों जलेसर थाना क्षेत्र के साथ-साथ सकरौली थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा और आसपास के गांवों में सबमर्सिबल पंप से कॉपर तार चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। रात के समय अज्ञात चोर खेतों में पहुंचकर सबमर्सिबल पंप के तार काट ले जाते थे। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने के साथ सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद किसानों में पुलिस को लेकर नाराजगी बढ़ रही थी। किसान संगठनों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
BKU भानु ने दी थी चेतावनी
कॉपर केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष बृजवासी ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी देते हुए चोरी की वारदातों पर तत्काल रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
किसान संगठन की ओर से मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस ने घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने सुराग जुटाए और आखिरकार दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हाथरस के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पुत्र खुर्शीद आलम और इमरान पुत्र कय्यूम खां, निवासी अल्लेपुर, थाना चंदपा, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी अंतर्जनपदीय स्तर पर तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुकदमे दर्ज होने और आपराधिक इतिहास होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
दो कारों से पहुंचते थे वारदात करने
पुलिस के अनुसार आरोपी वैगनआर और स्विफ्ट कार से ग्रामीण इलाकों में पहुंचते थे। खेतों में सुनसान स्थान पर लगे सबमर्सिबल पंप को निशाना बनाकर कॉपर केबल काटते और उसे लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने उनके पास से तार काटने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
बरामद करीब 25 किलो कॉपर तार को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
एएसपी ने किया गैंग का खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जलेसर और आसपास के थाना क्षेत्रों में लगातार कॉपर तार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे के लिए लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध तमंचे-कारतूस, कॉपर तार, दो कार और तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आसपास के जिलों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। मामले में अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
किसानों को मिली राहत, पुलिस की कार्रवाई से बढ़ा भरोसा
लगातार ट्यूबवेल से तार चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई राहत देने वाली मानी जा रही है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और चोरी किए गए कॉपर तार को कहां खपाया जाता था।
BKU भानु की चेतावनी के बाद पुलिस की कार्रवाई और तार चोरी गैंग के खुलासे ने क्षेत्र के किसानों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाया है।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.