हिंदी दिवस पर शिक्षण संस्थानों में आयोजित हुए कार्यक्रम और गोष्ठी, बताया गया महत्व, प्रतियोगिताएं आयोजित

एटा - हिंदी दिवस की मौके पर जनपद के शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न संगठनों द्वारा गोष्टी आयोजित कर हिंदी भाषा के महत्व पर चर्चा की। इस दौरान हिंदी के प्रति अभिव्यक्ति तथा कला के माध्यम से लोगों को आकर्षित किया गया।
सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में  हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के महत्व, उसकी उपयोगिता एवं वर्तमान समय में प्रासंगिकता को लेकर  गोष्ठी का आयोजन किया गया। शुभारंभ जिला प्रचारक मदनलाल ने किया। प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर राजीव गुप्ता ने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की सशक्त पहचान है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे हिंदी भाषा के प्रति गौरव का भाव रखते हुए अपने दैनिक जीवन में शुद्ध एवं प्रभावी हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करें।विद्यालय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि हिंदी भारतीय जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने वाली भाषा है। उन्होंने काव्य प्रस्तुति भी की। प्रबंधक अतुल राठी ने  हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि साहित्य मनुष्य के व्यक्तित्व को संस्कारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
 डॉ राजेश सक्सेना ने भारत में हिंदी की वर्तमान स्थिति के संदर्भ में विचार व्यक्त करते हुए  कहा कि सरकार को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी आधिकाधिक रूप से हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रयास करने चाहिए। संचालन शैक्षिक प्रमुख प्रेमचंद उपाध्याय ने किया। 
डा अजय, श्रद्धेश उपाध्याय ,रंजीत सिंह, विनोद जोशी ने काव्य प्रस्तुति की। उप प्रधानाचार्य संजीव कुमार मिश्रा ,प्रचार प्रसार प्रमुख डॉ अरुण राजोरिया आदि उपस्थित रहे।
जैथरा स्थित प्राथमिक विद्यालय दहेलिया में हिंदी दिवस के अवसर पर शिक्षक बिम्बसार बौद्ध के संयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का  आयोजन किया गया। शुरुआत में शिक्षक बिम्बसार बौद्ध ने बच्चों को हिंदी भाषा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है तथा इसकी लिपि देवनागरी है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि आदर, सम्मान और सांस्कृतिक पहचान की भाषा भी है। बच्चों ने पुस्तकालय से अपनी पसंद की पुस्तक लेकर पढ़ी। छात्रों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कविता पाठ में परी, पुस्तक पठन में कृष्णा, लेखन में दीक्षा, गायन और श्रुति लेख में दर्शिका एवं वाद-विवाद में कृष्णा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंत में विजेता छात्रों को पुरस्कार दिया गया।
हिंदी दिवस पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मारहरा में हिंदी कविता पाठ, समूह गान, भाषण प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। सभी बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों में कक्षा 6 की सगुन, कक्षा 7 की हेमलता व कक्षा 10 की नेहा को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी वार्डन दीपिका राजपूत के साथ  रीना यादव, दिशा राजपूत, शालिनी,नेहा, रश्मी, रजनी, निधि, पूजा, रजनेश कुमारी और राखी आदि उपस्थित रहे शिक्षिकाएं रहे।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.