किसानों की मांगों को लेकर 21 सितंबर को 75 जिलों में ज्ञापन, 5 अक्टूबर को दिल्ली कूच का ऐलान
एटा : किसानों की विभिन्न समस्याओं और सात प्रमुख मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली है। एटा में आयोजित एटा-कासगंज जनपद की समीक्षा बैठक में संगठन ने 21 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जिला अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। इसके बाद पांच अक्टूबर को किसानों के साथ दिल्ली कूच करने का ऐलान किया गया।
शिकोहाबाद रोड स्थित सुललित गार्डन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने की। बैठक में एटा, कासगंज, जलेसर और अलीगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप सिंह ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी आंदोलन की रूपरेखा पदाधिकारियों के सामने रखी।
75 जिलों में एक साथ दिया जाएगा ज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की सात प्रमुख मांगों को लेकर 21 सितंबर को प्रदेश के 75 जिलों में जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। ज्ञापन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है और अब मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में पांच अक्टूबर को दिल्ली कूच के कार्यक्रम को लेकर भी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने और अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ने पर चर्चा हुई।
किसान आयोग के गठन की मांग
भाकियू भानु ने किसानों के लिए अलग किसान आयोग गठित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई है। संगठन का कहना है कि आयोग में स्वच्छ छवि और पारदर्शी तरीके से काम करने वाले किसानों को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। आयोग का अध्यक्ष भी किसान को बनाए जाने की मांग रखी गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों से जुड़े फैसलों में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उनका मानना है कि किसान आयोग के माध्यम से कृषि क्षेत्र से जुड़े मामलों और किसानों की समस्याओं का प्रभावी तरीके से समाधान किया जा सकेगा।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की मांग
संगठन की दूसरी प्रमुख मांग प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने की है। इसके लिए प्रत्येक मंडी में प्राकृतिक उत्पादों की अलग दुकान बनाए जाने की मांग की गई। संगठन ने प्राकृतिक अनाज का मूल्य रासायनिक उत्पादों की तुलना में तीन गुना निर्धारित करने की बात कही।
बैठक में पदाधिकारियों ने प्राकृतिक खेती को किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी बताते हुए इसे प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई। संगठन का दावा है कि इससे खेती में रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल को कम करने में मदद मिलेगी।
महंगाई से राहत की मांग
किसान यूनियन ने बढ़ती महंगाई से आम लोगों को राहत देने की भी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि पूर्व सांसदों और विधायकों को मिलने वाली पेंशन तथा अन्य सुविधाओं के बजाय आम जनता को राहत देने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और बिजली की दरें आधी किए जाने की मांग भी संगठन की सूची में शामिल है।
पदाधिकारियों ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ने से किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। डीजल और बिजली की कीमतों में कमी होने से किसानों की उत्पादन लागत कम हो सकती है।
शिक्षा और चिकित्सा मुफ्त करने की मांग
भाकियू भानु ने शिक्षा और चिकित्सा को मुफ्त किए जाने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं आम व्यक्ति की पहुंच में होनी चाहिए। बैठक में इन क्षेत्रों में कथित रूप से हो रही लूट पर रोक लगाने की मांग की गई।
भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की मांग
किसान यूनियन ने सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसी सरकारी कर्मचारी, नेता या जनप्रतिनिधि के भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर उसकी संपत्ति जब्त करने और आजीवन कारावास जैसे कठोर प्रावधान किए जाने चाहिए।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता और किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। इसलिए भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।
टोल टैक्स समाप्त करने की मांग
संगठन ने सभी टोल टैक्स समाप्त किए जाने की मांग भी रखी। यूनियन का तर्क है कि वाहन खरीदते समय सड़क कर लिया जाता है, ऐसे में वाहन चालकों से बार-बार टोल टैक्स लिया जाना उचित नहीं है। संगठन ने इस व्यवस्था में बदलाव की मांग की।
जवान और किसान के परिवारों को अधिक सहायता की मांग
भाकियू भानु ने 'जय जवान-जय किसान' की भावना को सार्थक बनाने के लिए जवान और किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को अधिक सहायता राशि दिए जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि देश की सुरक्षा और खाद्य व्यवस्था में जवान और किसान दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।आंदोलन को लेकर पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति समीक्षा बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता और किसानों को आंदोलन से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने 21 सितंबर को जिलों में प्रस्तावित ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने और पांच अक्टूबर के दिल्ली कूच में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लखन यादव, संगठन प्रभारी राम प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता हर्ष बृजवासी, जिलाध्यक्ष पंकज ठाकुर, उत्तर प्रदेश महासचिव जितेंद्र राघव (रघु ठाकुर), कासगंज जिलाध्यक्ष अंबरीश पाल सिंह, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सोनी वशिष्ठ, प्रदेश सचिव प्रशांत यादव, कासगंज युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु चौहान, एटा युवा जिलाध्यक्ष अंकित ठाकुर, लवकुश यादव फौजी, राजू ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि 21 सितंबर का ज्ञापन कार्यक्रम किसानों की सात मांगों को सरकार तक पहुंचाने की दिशा में पहला चरण होगा। इसके बाद पांच अक्टूबर को दिल्ली कूच के जरिए इन मांगों को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.