सेवानिवृत्ति पर हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति ने 1.1 करोड़ रुपये दान करने का लिया संकल्प
एटा - जलेसर तहसील क्षेत्र के जिनावली गांव निवासी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अवनींद्र कुमार सिंह ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर अपने भविष्य निधि खाते से मिलने वाली करीब 1.1 करोड़ रुपये की राशि प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष में दान करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि राशि प्राप्त होते ही इसे राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करेंगे। उनके इस संकल्प की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में 18 सितंबर को सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ति अवनींद्र कुमार सिंह ने 17 सितंबर को आयोजित विदाई समारोह में अपने जीवन के अगले अध्याय को समाजसेवा के लिए समर्पित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि कार्यालयीय हिसाब के अनुसार उनके भविष्य निधि खाते में करीब 1.1 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने समारोह में संकल्प लिया कि यह पूरी राशि प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष में दान करेंगे।
न्यायमूर्ति सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने मृत्यु के बाद देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि उनके शरीर का उपयोग चिकित्सा शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए किया जा सके, इसी उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ईश्वर की सेवा केवल पूजा करने से नहीं, बल्कि समाज और धरती पर मौजूद जीव-जंतुओं तथा अन्य लोगों की सेवा और देखभाल करने से भी होती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि अलग मंच से जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत है। न्यायमूर्ति अवनींद्र कुमार सिंह ने करीब 37 वर्ष तक न्यायिक सेवा में कार्य किया। उन्होंने 31 मई 1990 को सिविल जज के रूप में न्यायिक सेवा शुरू की थी। वर्ष 2018 में छतरपुर और वर्ष 2022 में धार में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर सेवाएं दीं। एक मई 2023 को उन्होंने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। विदाई समारोह में उन्होंने अपने मार्गदर्शकों, वरिष्ठ न्यायाधीशों, रजिस्ट्री कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि कम उम्र में मां के निधन के बाद उनकी मौसी ने उन्हें अपने बेटे की तरह पाला। उन्होंने कहा कि उनके पिता, मौसी और मौसा के संस्कारों का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा। सदाशिव ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, जयपुर के आचार्य अवनींद्र और समिति के सदस्यों ने न्यायमूर्ति सिंह के संकल्प की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समिति की ओर से शीघ्र ही उनके सम्मान के लिए आमंत्रण भेजे जाने की बात कही गई है।
रिपोर्टर - लखन यादव
No Previous Comments found.