सफाई कर्मी नहीं पहुंचे तो ग्रामीणों ने खुद उठाया फावड़ा नालियों की सफाई की
एटा । जलेसर विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहनगर टिमरुआ के उपग्राम टिकैत में सफाई व्यवस्था बदहाल होने का मामला सामने आया है। गांव में लंबे समय से सफाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने खुद सफाई अभियान चलाया। ग्रामीणों ने गंदी नालियों की सफाई कर उनमें जमा कचरा बाहर निकाला और सड़क किनारे फैली गंदगी को भी हटाया।
समाजसेवी विकास यादव ने बताया कि गांव की सफाई व्यवस्था लंबे समय से खराब है। ग्रामीणों का दावा है कि करीब पांच वर्षों से गांव में नियमित रूप से सफाई कर्मचारी नहीं पहुंच रहा है। इसके चलते नालियों में गंदगी जमा होने के साथ ही रास्तों पर भी कूड़ा-कचरा फैला रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। गंदगी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में स्वच्छता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप दिखाई नहीं दे रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी की तैनाती है तो नियमित सफाई के लिए कर्मचारी गांव में क्यों नहीं पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या केवल टिकैत गांव तक सीमित नहीं है। जलेसर विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों में भी सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति देखें और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें, ताकि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
रिपोर्टर - लखन यादव
No Previous Comments found.