एटा में जनता दर्शन की नई व्यवस्था फरियादी के सामने ही अफसरों से होगी सीधी बात

एटा । जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने जनता दर्शन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। अब फरियादियों को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ता के सामने ही संबंधित अधिकारी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधी बात कराई जाएगी।

शिकायत का मौके पर ही लिया जाएगा अपडेट

नई व्यवस्था के तहत जनता दर्शन में जिलाधिकारी शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित विभाग के अधिकारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ेंगी। अधिकारी से शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी। यदि प्रकरण में जांच या कार्रवाई की जरूरत होगी तो फरियादी के सामने ही संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी सुनेंगे समस्याएं

डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनें। इसका उद्देश्य फरियादियों को अधिकारियों से मिलने में होने वाली परेशानी को कम करना और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।

शिकायतों के निस्तारण में देरी पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसमस्याओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से किया जाए। प्रशासनिक स्तर पर शिकायतों की प्रगति पर भी नजर रखने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। डीएम की इस पहल से अब जनता दर्शन में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को संबंधित अधिकारी तक अपनी बात पहुंचाने और शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी सीधे मिलने की सुविधा मिलेगी।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.