पीएम श्री विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी बनीं एक दिन की खंड विकास अधिकारी

एटा - जलेसर तहसील क्षेत्र में सपनों को उड़ान देने और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। पीएम श्री विद्यालय कोसमा की कक्षा आठ की छात्रा कुमारी लक्ष्मी को एक दिन के लिए खंड विकास अधिकारी  बनाया गया। बीडीओ की कुर्सी पर बैठकर लक्ष्मी ने न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा, बल्कि विकासखंड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की।

अधिकारियों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा

केंद्र एवं प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस पहल के दौरान खंड विकास अधिकारी पीएस आनंद ने छात्रा कुमारी लक्ष्मी को बीडीओ के अधिकारों, कार्यों और उत्तरदायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि विकासखंड स्तर पर सरकारी योजनाओं का संचालन, विकास कार्यों की निगरानी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जाता है।

सचिवों की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

एक दिन की बीडीओ बनीं कुमारी लक्ष्मी की मौजूदगी में विकासखंड क्षेत्र में तैनात ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक भी कराई गई। इस दौरान लक्ष्मी ने विकासखंड में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। इस अनुभव के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक जिम्मेदारियों, निर्णय लेने की प्रक्रिया और जनहित में कार्य करने की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।

छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की पहल

छात्रा को एक दिन के लिए बीडीओ बनाने की पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस तरह के प्रयास छात्राओं को भविष्य में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पीएस आनंद, पीएम श्री विद्यालय कोसमा की प्रधानाचार्य प्रीति गौड़, ग्राम पंचायत सचिव सुनील दिवाकर, ध्यानपाल सिंह, सुनील यादव, मुजम्मिल खान, वीगेश कौशिक सहित विकासखंड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एक दिन की यह जिम्मेदारी छात्रा लक्ष्मी के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को समझने और नेतृत्व का अनुभव प्राप्त करने का अवसर बनी। ऐसी पहलें बेटियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती हैं।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.