संचारी रोगों की रोकथाम को गांवों में पहुंचे मंडलायुक्त और डीएम, सफाई व स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

एटा : दूषित हैंडपंप बंद कराने, जलभराव रोकने और स्वास्थ्य शिविरों में जांच व दवा वितरण तेज करने के निर्देश संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ओपी आर्य और जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने सोमवार को मारहरा विकासखंड के रसूलपुर गढ़ौली व जारथल तथा अलीगंज विकासखंड के हत्सारी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, जलनिकासी, मच्छर नियंत्रण और शुद्ध पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने गांवों में नियमित सफाई कराने, नाले-नालियों और पोखरों की सफाई के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में कहीं भी जलभराव नहीं होना चाहिए और रास्तों के किनारे कूड़े के ढेर नहीं दिखाई देने चाहिए। सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांवों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

दूषित हैंडपंपों का संचालन बंद कराने के निर्देश निरीक्षण के दौरान शुद्ध पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि दूषित पाए जाने वाले हैंडपंपों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। पेयजल स्रोतों की नियमित जांच, पानी की टंकियों की सफाई और क्लोरीनेशन सुनिश्चित किया जाए। पानी के नमूने लेकर समय से जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट ग्रामीणों को भी उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों को क्लोरीन की गोलियां वितरित करने और पाइपलाइन में लीकेज मिलने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य शिविरों में जांच और दवा वितरण में तेजी लाएं निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज की टीम की ओर से गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच, संभावित मरीजों की सैंपलिंग और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य परीक्षण, नमूना संग्रहण तथा दवा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित मरीजों की नियमित निगरानी करने को कहा। मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षित अथवा उबालकर पानी पीने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुखार या बीमारी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी और उप जिलाधिकारी अलीगंज को गांवों का नियमित भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई, जलनिकासी और पेयजल व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर, एडी हेल्थ डॉ. नीरज त्यागी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम सिंह, डॉ. सुधीर मोहन, दोनों विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता, एमओआईसी, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.