मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी में किसानों को दी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

एटा - सीडीओ ने गुणवत्तायुक्त बीज, फसल चक्र और संतुलित उर्वरक प्रयोग अपनाने पर दिया जोर जनेश्वर मिश्र सभागार, जिला पंचायत एटा में सोमवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के न्यूट्री सीरियल घटक के अंतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव, किसान मेला एवं रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

गोष्ठी में मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज का प्रयोग करने,फसल चक्र अपनाने, गेहूं की बुवाई कतारों में करने और उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर फसलों के उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक पूरी नहीं हुई है, उनसे इसे जल्द पूरा कराने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा हो सके। कृषि योजनाओं और प्राकृतिक खेती की दी जानकारी उप कृषि निदेशक सुमित कुमार पटेल ने कृषि विभाग की योजनाओं, बीज की उपलब्धता और विभागीय सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। पूर्व एसएमएस मोहर सिंह वर्मा ने प्राकृतिक खेती, इफको के आकाश कुमार ने नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया तथा मंडी समिति के अशोक कुमार सिंह ने विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के आशुतोष कुमार ने मिट्टी की जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि विभाग के एसएमएस जैवेश कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी। डिप्टी सीवीओ प्रभात गुप्ता ने पशुपालन विभाग की योजनाओं, पशु टीकाकरण और एनिमल टैगिंग के बारे में बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के डॉ. दिनेश कुमार मिश्रा ने मिट्टी में जीवांश कार्बन बढ़ाने और फसल अवशेष प्रबंधन में कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी। नाबार्ड के डीडीएम पवन कुमार ने किसानों को उपलब्ध बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं से अवगत कराया। नुक्कड़ नाटक से किसानों को किया जागरूक जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने जनपद में खाद और बीज की उपलब्धता सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में मानवेंद्र कुमार ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीताराम मानस मंडली और सत्यवीर सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भेजे गए सांस्कृतिक दल ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किसानों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक सुमित कुमार पटेल ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.