1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का होगा पुनर्गठन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर हुई चर्चा

एटा - डीएम एम. अरुन्मोली ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान स्थलों के परिवर्तन, समायोजन एवं मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान स्थलों के पुनर्गठन पर जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एम.अरुन्मोली ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदान स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की निर्धारित सीमा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार मतदान स्थलों का संभाजन एवं नए मतदान स्थल बनाए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण करते हुए आवश्यक बदलावों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बाद प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान स्थलों का समायोजन इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे मतदाताओं को मतदान के दिन अपने निर्धारित मतदान केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने और मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।

पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही डुप्लीकेट प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाई जाए,ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। ऐसे पात्र युवाओं से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वे निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।

अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह सहित जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मतदान स्थलों के पुनर्गठन एवं मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

रिपोर्टर - लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.