शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जलेसर बीआरसी पर लगा शिविर
एटा - समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से जलेसर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी के निर्देशन में आयोजित शिविर में 86 दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण एवं उपस्कर वितरित किए गए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा संजय मिश्रा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में किसी भी प्रकार की हीन भावना विकसित नहीं होने देनी चाहिए। इसके लिए परिवार के साथ-साथ शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सरकार बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए हर संभव सहायता और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा रही है। जरूरत केवल उन्हें सकारात्मक वातावरण और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को वितरित किए गए उपकरणों का नियमित उपयोग कराएं और उनकी शिक्षा जारी रखने में सहयोग करें।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का बेहतर भविष्य उनकी शिक्षा और अभिभावकों की जागरूकता पर निर्भर है। अभिभावक बच्चों को पर्याप्त समय दें और उनकी शिक्षा के प्रति गंभीर रहें।
इस अवसर पर सोमेंद्र प्रताप सिंह, राकेश कुमार कनौजिया, गौरव मिश्रा, मनीष जैन, प्रशांत पांडेय, राजेश कुमार वर्मा, रोहित कुमार, कृष्णकांत पाठक, रमेश चंद, संतोष कुमार सहित स्पेशल एजुकेटर तथा एलिम्को टीम के राजू कुमार, ऑडियोलॉजिस्ट गौरव कुमार और मोहनलाल मीणा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.