दौड़ से लेकर कुश्ती तक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
एटा - जलेसर में शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी सरस्वती शिशु मंदिर जलेसर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालय के भैया-बहिनों ने संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में कई पदक अपने नाम किए। विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने दौड़, कुश्ती, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
दौड़ और कुश्ती में हासिल किया प्रथम स्थान
अंडर-11 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में भविष्य प्रताप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 1200 मीटर दौड़ में अनुराग और 400 मीटर दौड़ में दक्ष जादौन ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कुश्ती प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-11 वर्ग में माधव तथा अंडर-13 के 41 किलोग्राम भार वर्ग में सतेंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
खो-खो में बालिकाओं ने दिखाई टीम भावना
खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय की बहिनों वैष्णवी, त्रिशा, सृष्टि, निधि, नंदनी, नंदनी द्वितीय, जानवी, दिव्यांशी, सुरभी, नैना एवं जयशीखा की टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा लंबी कूद में दक्ष जादौन, अंडर-11 वर्ग की ऊंची कूद में ऋतु यादव तथा गोला फेंक प्रतियोगिता में अनुराग ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में इजाफा किया।
शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ रहे विद्यार्थी
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं प्रधानाचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। विद्यालय के आचार्यों एवं खेल प्रशिक्षकों ने भी खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सरस्वती शिशु मंदिर जलेसर के विद्यार्थियों की यह सफलता बताती है कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा से बड़ी पहचान बना सकते हैं। विद्यालय की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
रिर्पोटर -लखन यादव

No Previous Comments found.