फसल संगोष्ठी में किसानों को उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक खेती की दी जानकारी
एटा : उत्तम संतुलित पोषण अभियान के तहत ग्राम तिशार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने बताए कम लागत में अधिक उत्पादन के तरीके चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड की कृषि विकास प्रयोगशाला (ADL), आगरा की ओर से उत्तम संतुलित पोषण अभियान (USPA) के तहत ग्राम तिशार, ब्लॉक अवागढ़ में फसल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को उन्नत फसल किस्मों, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, फसल सुरक्षा और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कंपनी के प्रबंधक (अनुसंधान एवं विकास) डॉ. जे.एम. सैनी, सहायक प्रबंधक (प्रदर्शन संचालन) डॉ. सतेंद्र कुमार तथा कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. विष्णु और डॉ. ओमेश ने किसानों को संबोधित किया। डॉ. विष्णु ने कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से संचालित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों और तकनीकी सेवाओं की जानकारी देते हुए किसानों को क्षेत्र की जलवायु एवं मिट्टी के अनुकूल उन्नत किस्मों का चयन करने की सलाह दी। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशिक्षण और फसल प्रदर्शनों का लाभ उठाने पर जोर दिया। डॉ. जे.एम. सैनी ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन और संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि उर्वरकों का उचित मात्रा और सही समय पर इस्तेमाल करने से उत्पादन लागत कम करने के साथ फसल उत्पादकता और मिट्टी की उर्वरता में सुधार किया जा सकता है। डॉ. सतेंद्र कुमार ने मृदा परीक्षण के आधार पर खाद एवं उर्वरकों के प्रयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा गेहूं और आलू की फसलों में वैज्ञानिक खरपतवार प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं डॉ. ओमेश ने उन्नत कृषि तकनीकों और बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक सिफारिशों को अपनाने की अपील की।
संगोष्ठी में किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं, जिनका वैज्ञानिकों ने समाधान बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर कम लागत में अधिक उत्पादन और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना रहा।
रिपोर्टर - लखन यादव

No Previous Comments found.