यूपी के एटा में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए डीएम का बड़ा एक्शन

एटा :  जिले में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट में सुधार कराने और सड़कों पर बने अवैध कटों को अभियान चलाकर तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि धरातल पर ठोस परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां सड़क पर अवैध कट खुले हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बंद कराया जाए। स्थायी समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया में देरी होने पर अस्थायी व्यवस्था अपनाकर भी कट पूरी तरह बंद किए जाएं, जिससे अनधिकृत तरीके से सड़क पार करने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

रोडवेज बसों की मनमानी पर भी सख्ती
डीएम ने परिवहन विभाग की बसों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कराने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। रोडवेज बसों की व्यवस्था ठीक न रखने और कार्य में रुचि नहीं लेने पर एआरएम रोडवेज एटा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी निर्देश दिए।
ई-रिक्शा के लिए तय होंगे रूट
शहर और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी ने एआरटीओ शिवम यादव को ई-रिक्शा का शत-प्रतिशत चिह्नांकन कराने तथा उनके लिए निर्धारित रूट लागू करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों और घुमावदार स्थानों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं साइनेज लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही सड़क की स्थिति का पता चल सके।
गड्ढामुक्त सड़कों के लिए अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश
सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और नगरीय निकायों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल गड्ढामुक्ति अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों के बड़े गड्ढों के साथ-साथ छोटे पैच और क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी तत्काल ठीक कराया जाए। अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करें। केवल रिपोर्ट तैयार करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी, बल्कि सड़कों पर सुधार दिखाई देना चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ललित अग्रवाल, आदर्श वर्मा, एक्सईएन जल निगम शहरी सैयद तारिक, एआरटीओ शिवम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा एआरएम रोडवेज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि डीएम के इन सख्त निर्देशों का असर जिले की सड़कों पर कितनी तेजी से दिखाई देता है और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय अधिकारी कितनी गंभीरता से जिम्मेदारी निभाते हैं।

रिपोर्टर  : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.