सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, किसी के दबाव में नहीं झुके सुभाष चंद्रा! 16 माह बाद एटा से झांसी तबादला
एटा - जिले में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के रूप में करीब 16 माह तक जिम्मेदारी संभालने वाले सुभाष चंद्रा का झांसी तबादला कर दिया गया है। अपने कार्यकाल के दौरान वह अपनी निष्पक्ष कार्यशैली, सख्त प्रशासनिक फैसलों और विभागीय अनियमितताओं पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे। बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सत्ता पक्ष और विपक्ष के किसी भी दबाव में आए बिना विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जुलाई 2025 में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत एटा में अधीक्षण अभियंता का कार्यभार संभालने वाले सुभाष चंद्रा ने बिजली व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता दी। इससे पहले वह पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, गाजियाबाद में तैनात थे। राजनीतिक दबाव से दूर रही कार्यशैली
सुभाष चंद्रा के कार्यकाल की चर्चा उनकी निष्पक्ष कार्यप्रणाली को लेकर भी रही। विभागीय शिकायतों पर कार्रवाई करते समय उन्होंने राजनीतिक हस्तक्षेप से प्रभावित हुए बिना नियमों के आधार पर निर्णय लेने का रुख अपनाया। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, किसी की सिफारिश को कार्रवाई में बाधा नहीं बनने देने की उनकी कार्यशैली विभाग में चर्चा का विषय बनी रही।
बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए सख्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बिजली चोरी रोकने, विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देशों के अनुरूप जिले में कार्रवाई की गई। बिजली चोरी के मामलों में विभागीय स्तर पर सख्ती बरती गई। वहीं, नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत देने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने पर भी जोर दिया गया। विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार, अनियमितता और कर्मचारियों की लापरवाही से संबंधित शिकायतों पर सुभाष चंद्रा ने त्वरित संज्ञान लिया। उनके कार्यकाल में कई अवर अभियंताओं और संविदाकर्मियों के खिलाफ निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की गई। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाता था।
झांसी तबादले के बाद एटा में रिक्त हुई कुर्सी
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक, आगरा की ओर से सुभाष चंद्रा का स्थानांतरण झांसी के लिए किया गया है। उनके तबादले के बाद एटा में अधीक्षण अभियंता का पद रिक्त हो गया है। फिलहाल अधिशासी अभियंता सत्यनारायण सिंह को अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब जिले के बिजली उपभोक्ताओं की निगाहें नए अधीक्षण अभियंता की तैनाती पर टिकी हैं। सवाल यह भी है कि बिजली चोरी पर नियंत्रण, ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत और विभागीय जवाबदेही के लिए शुरू की गई सख्ती आगे भी उसी तरह जारी रहेगी या नहीं।
रिपोर्टर - लखन यादव

No Previous Comments found.