फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम में होगी सहभागिता,सदर विधायक ने किया शुभारंभ
एटा - बीगौर में गुरुवार को फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 262 स्कूलों के लिए 1072 फुटबॉल वितरित कर खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में फुटबॉल को बढ़ावा देने के साथ खेलों के माध्यम से जीवन कौशल विकसित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक विपिन कुमार वर्मा डेविड तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रभारी प्रधानाचार्य केशव देव ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्र सुमित ने फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम एवं जीवन में खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान विधायक ने विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को फुटबॉल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में फुटबाल प्रशिक्षण पर जोर दिया जाएगा ताकि स्कूलों से अच्छे खिलाड़ी निकल कर सामने आ सकें।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक हरिराज सिंह ने आभार व्यक्त किया।संचालन लोकेन्द्र सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम निर्देशन खेल शिक्षिका सरिता यादव ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय हरीकिशोर, भारत वीर वर्मा, मनीष दुबे,अनुपमा द्विवेदी,मोनिका सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
मैत्री मैच में ब्राइटलैंड स्कूल जीता इस मौके पर ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल एटा और पीएम श्री नवोदय विद्यालय की टीमों के बीच फुटबॉल मैत्री मैच भी आयोजित किया गया। इसमें ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रिपोर्टर - लखन यादव

No Previous Comments found.