दांपत्य सूत्र में बंधे अंतरराष्ट्रीय एथलीट पुष्पेंद्र यादव
एटा : अलीगढ़ में संपन्न हुआ विवाह, जेवलिन थ्रो में एशियाई पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया था जिले का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जेवलिन थ्रो में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले एथलीट पुष्पेंद्र सिंह यादव विवाह बंधन में बंध गए। अलीगढ़ में उनका विवाह प्राची यादव के साथ संपन्न हुआ। विवाह के बाद दुल्हन सहित पैतृक गांव जैथरा के भलोल पहुंचने पर गांव सहित जिले के शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों में खुशी है। लोगों ने नवदंपती को शुभकामनाएं देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
जैथरा विकासखंड क्षेत्र के गांव भलोल निवासी पुष्पेंद्र सिंह यादव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। उन्होंने एशियाई पैरा गेम्स में जेवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा भी वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक हासिल कर चुके हैं।
पुष्पेंद्र का विवाह प्राची यादव के साथ हुआ है। प्राची दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह बदायूं में सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर तैनात गिरीश कुमार यादव की पुत्री हैं। उनका मूल गांव एटा जनपद का नगला गलू है। वर्तमान में उनका परिवार अलीगढ़ में निवास कर रहा है।
गौरतलब है कि अक्टूबर में एशियाई पैरा ओलंपिक प्रतियोगिता के चलते पुष्पेंद्र के विवाह की तिथि नवंबर में निर्धारित की गई थी। इससे पहले नवंबर में दिल्ली में दिल्ली हाईकोर्ट की अधिवक्ता प्राची यादव के साथ उनकी सगाई हुई थी। अब अलीगढ़ में विवाह संपन्न होने के बाद दोनों ने अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत की है। गांव में खुशी का माहौल है।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.