पुस्तक मेले में ज्ञान का खजाना पाने को हर वर्ग में दिखा उत्साह
एटा : राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में जहां आम दिनों में खिलाड़ियों की धूम रहती है, वहीं इन दिनों पुस्तकों का संसार लोगों को आकर्षित कर रहा है। स्वर्गीय बृजपाल सिंह यादव पीईएस स्मृति 11वें पांच दिवसीय पुस्तक महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को ज्ञान का खजाना अपने घर ले जाने के लिए विद्यार्थी, युवा, बुजुर्ग और पुस्तक प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। जिले भर के दर्जनों विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न प्रकाशकों के स्टालों पर पुस्तकों का अवलोकन किया और अपनी पसंद की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरक पुस्तकों की जमकर खरीदारी की। कई अभिभावक भी बच्चों के साथ मेले में पहुंचे।
महोत्सव में पुस्तक खरीदारी के साथ ही मेहंदी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हाथों पर 'वोट हमारा है अधिकार', 'मेरा वोट मेरी ताकत' और 'पहले मतदान फिर जलपान' जैसे आकर्षक नारे उकेरे। मेहंदी के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश देकर लोकतंत्र में मतदान के महत्व को भी रेखांकित किया। एसबी पब्लिक स्कूल, जनता इंटर कॉलेज अवागढ़, धुमरी पब्लिक स्कूल, सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल निधौली कलां, वर्णी जैन इंटर कॉलेज, ज्ञान सरोवर ग्लोबल अकादमी, प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज, दून पब्लिक स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज सकीट सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में 'लोकतांत्रिक प्रणाली में युवाओं एवं नागरिकों की उम्मीदें' विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने ओजस्वी विचार रखे। जनता इंटर कॉलेज परसोंन, ज्ञान सरोवर ग्लोबल अकादमी, श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज सकीट और जेएलएन डिग्री कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मेहंदी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. अर्चना चरण, प्रीति राघव और बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका मंजू दुबे ने निभाई। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पूर्व प्रधानाचार्य राजवीर सिंह यादव, अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश यादव और राजकीय हाईस्कूल कासोंन के प्रधानाचार्य विशांत कुलश्रेष्ठ निर्णायक रहे।
कार्यक्रम में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने पुस्तक मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और शिक्षाप्रद एवं प्रेरक पुस्तकों की खरीदारी की। पुरातन छात्र समिति और समाजसेवियों के सहयोग से तैयार राजकीय विद्यालय भवन एवं भारत के मानचित्र का भी निरीक्षण कर कार्य की सराहना की। विधायक ने लगातार 11 वर्षों से आयोजित हो रहे पुस्तक महोत्सव को विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, बीएल वर्मा, हरिश्चंद्र दुबे, डॉ. यतेंद्र यादव, नरेंद्र सिंह यादव, देवेंद्र चौधरी, सुशील यादव, राज्य पुरस्कृत शिक्षक बिंबिसार बौद्ध, नरेंद्र सिंह यादव, रविंद्र शर्मा, अर्चना शाक्य, केशव कुमार, अनुपमा दुबे, शौर्य मिश्रा और प्रियंवदा सहित शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुस्तक महोत्सव के संयोजक संजीव कुमार एआरएम, सहसंयोजक अनूप दुबे, देवेंद्र चौधरी, राजीव यादव, राजीव वर्मा, मनीष दुबे और सुशील यादव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संजय शर्मा ने किया।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.