ग्राम रोजगार सेवकों ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

एटा :  ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन में ग्राम रोजगार सेवकों ने न्यूनतम 24 हजार रुपये मासिक मानदेय देने सहित कई मांगों के समाधान की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और शासन की ओर से समय-समय पर दिए गए दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मनरेगा के साथ अब वीबी-जी राम जी के अंतर्गत भी गांवों में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्राम रोजगार सेवकों ने मांग की है कि उनका न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित कर अलग बजट से भुगतान किया जाए। रोजगार सेवकों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। एचआर पॉलिसी लागू करने के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास विभाग के सभी कार्यों का जॉब चार्ट में समावेश करते हुए ग्राम विकास सहायक का पदनाम दिया जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर तीन दिसंबर को प्रदेश के समस्त ग्राम रोजगार सेवक लखनऊ में विधानसभा का घेराव करेंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज यादव, अमरदीप, संजय कुमार, अतुल यादव, शैलेश कुमार, विपिन कुमार, संजीव कुमार, अजय कुमार, सुरजीत सिंह, राकेश कुमार, नवनीत कुमार, इंद्रपाल सिंह, धर्मेंद्र सिंह और अमोल सिंह सहित अन्य ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.